अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि अगर केंद्र सरकार चाहेगी तो प्रदेश के चुनाव लोकसभा के साथ ही कराएंगे। किसको टिकट मिलेगी, यह संगठन तय करेगा। इसके लिए काम का मूल्यांकन किया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम मनोहर लाल ने कहा कि अगर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग चाहेंगे तो प्रदेश विधानसभा के चुनाव एक साथ ही होंगे। लोकसभा और हरियाणा विधानसभा में महज पांच महीने का ही अंतर है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि किसी का टिकट कटने का मतलब नहीं है। टिकट किसी का अधिकार नही है। टिकट कटना, नहीं केवल मिलना होता है। किसे मिलेगा, यह संगठन तय करेगा। चुनाव के समय संगठन तय करेगा कि किसे चुनाव में उतरने की जिम्मेदारी दी जाए। म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत बकाया लाइनलॉस कम करने की दिशा में गंभीरता के साथ कार्य किया जा रहा है। लाइनलॉस 30 प्रतिशत से घटकर 25 प्रतिशत हो गया है। अगले दो सालों में यह लाइनलॉस 20 प्रतिशत तक हो जाएगा। इसके बाद प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति संभव हो जाएगी। वर्तमान समय में 500 से अधिक गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। 15 अगस्त के बाद अंबाला, गुरुग्राम जिले के साथ प्रदेश के एक हजार गांव इस योजना का लाभ उठा पाएंगे। इस अवसर पर वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, विधायक डॉ. कमल गुप्ता, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, चेयरमैन जोगीराम सिहाग, चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, चेयरपर्सन ज्योति बैंदा उपस्थित थे।
पिछली सरकार के गड्ढों में फैला रायता
हुडा सेक्टरों में इन्हांसमेंट के सवाल का जवाब देते हुए सीएम ने कहा कि पिछली सरकार ने काफी गड्ढे किए थे। हमने ढाई साल में काफी गड्ढे भरे हैं। काफी गड्ढे अभी भी नहीं भरे। ऐसे गड्ढों में रायता फैला हुआ है। हम सरकार में होने के नाते इन गड्ढों को भरना अब हमारी जिम्मेदारी है।
हिसार एयरपोर्ट की संभावना नहीं घटेगी
सीएम ने कहा विदेशों की तरह 150 किलोमीटर की परिधि में कई हवाई अड्डों की स्थापना हो सकती है। पहले चरण में छोटी हवाई सेवाएं शुरू की जाएंगी। हिसार में एयरपोर्ट को लेकर सोमवार को सिविल एविएशन विभाग के साथ बैठक होगी।
-15 अगस्त तक एक हजार गांवों में 24 घंटे बिजली मिलेेगी
-पूरे प्रदेश में दो साल बाद लाइनलॉस 20 प्रतिशत आने पर देंगे 24 घंटे बिजली