हांसी। हिसार जिले में घरों, खेतों और सरकारी भवनों से सटी 11केवी हाइटेंशन लाइनों को शिफ्ट करने का काम जल्द शुरू होगा। इस परियोजना पर करीब 3.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे और जिले में कुल 91 स्थानों पर लाइनों को शिफ्ट किया जाएगा। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।
अधिकारियों के अनुसार, हांसी डिविजन में 44, हिसार प्रथम में 12 और हिसार द्वितीय में 35 जगहों पर हाइटेंशन लाइनों को शिफ्ट किया जाएगा। यह काम हांसी, नारनौंद, हिसार, अग्रोहा, आदमपुर सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्रमुख रूप से किया जाएगा। निरीक्षण के बाद निगम ने इन क्षेत्रों में लाइनों को ऊंचा करने और भवनों से दूर शिफ्ट करने का फैसला लिया है।
इन लाइनों को बिजली के पोल की मदद से 11 मीटर तक ऊंचा किया जाएगा। इसके लिए 801 पोल 11 मीटर के और 114 पोल 9 मीटर के लगाए जाएंगे। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर भी बदले जाएंगे और पुराने उपकरणों को हटाकर नई वायरिंग की जाएगी।
गौरतलब है कि इन हाइटेंशन लाइनों के कारण कई बार हादसे हो चुके हैं। वर्ष 2022 में स्ट्रीट लाइट मरम्मत के दौरान करंट लगने से अनुबंधित कर्मचारी मेनपाल की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद निगम के एसडीओ और जेई को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया गया था।
लाइनों को शिफ्ट करने के लिए टेंडर लगा दिया है। जल्दी ही काम शुरु करवाया जाएगा। भवनों से सटी हुई खतरनाक लाइनों को शिफ्ट किया जाएगा।
- सुरिंदर मेहर, एक्सईएन, बिजली निगम, हांसी डिविजन