हिसार। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिक अस्पताल के जन औषधि केंद्र में 118 प्रकार की नई दवाइयां पहुंचा दी गई हैं, जिसमें विटामिन सी, हड्डी रोग, मानसिक रोग, जनरल मेडिसिन, वायरल की दवाइयां शामिल हैं। इसके अलावा पेट व आंतों के संक्रमण की एडवांस दवाइयां भी औषधि केंद्र पर सस्ती दरों पर मिलने से मरीजों को फायदा होगा। मरीजों को अब बाहर से महंगी दवाइयां नहीं खरीदनी पड़ेगी।
स्वास्थ्य विभाग की मानें तो चिकित्सक अस्पताल के अंदर चयनित सूची में शामिल दवाइयां ही ओपीडी में लिख सकते हैं। अगर वह नहीं मिलती है तो जन औषधि केंद्र के अंदर मिलने वाली दवाइयां ही ओपीडी पर लिखी जा सकती है, वो भी स्थिति के अनुसार। 17 मार्च को स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. मनीष बंसल ने आदेश दिए थे कि नागरिक अस्पताल व निजी अस्पताल के चिकित्सक जेनेरिक दवाइयां ही ओपीडी पर्ची पर लिख सकते हैं। वे ब्रांडिड दवाइयां लिखने से बचें। बीते दिनों अमर उजाला ने विशेष पड़ताल कर नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों की ओर ब्रांडिड दवाइयां लिखने का मामला उजागर किया था। जिस पर महानिदेशक ने सीएमओ को मामले की पड़ताल करने के आदेश दिए थे।
अस्पताल के जन औषधि केंद्र में 118 प्रकार की दवाइयां आई हैं, जोकि मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। संक्रमण से जुड़ी दवाइयां भी एडवांस हैं, जोकि सस्ती दरों पर मरीजों को उपलब्ध करवाई जाएंगी। डीजी हेल्थ के स्पष्ट आदेश हैं कि नागरिक अस्पताल के चिकित्सक निशुल्क डिस्पेंसरी और जन औषधि केंद्र के दायरे में आने वाली दवाइयां ही लिख सकते हैं। - रविंद्र चोपड़ा, प्रभारी, जन औषधि केंद्र, नागरिक अस्पताल, हिसार।