अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। हिसार एयरपोर्ट को वीरवार को लाइसेंस जारी कर दिया गया है। अब एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने की बाधा दूर हो गई है। डीजीसीए की ओर से 27 सितंबर को यह लाइसेंस जारी किया गया है। अब हवाई सेवाओं के शेड्यूल का इंतजार है।
हिसार एयरपोर्ट को एयरोड्रम का लाइसेंस जारी किया गया है। डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन की ओर से यह लाइसेंस दिया गया है। लाइसेंस का पिछले करीब डेढ़ महीने से इंतजार किया जा रहा था। हिसार एयरपोर्ट के लिए डीजीसीए की टीम ने अगस्त में सर्वे किया था, जिसमें टीम ने कुछ खामियां बताई थीं। हवाई पट्टी और सुरक्षा बिंदुओं ने लेकर टीम ने नाराजगी जताई थी। इन खामियों को पूरा करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया था। इन खामियों को पूरा करने के बाद अब एयरपोर्ट का लाइसेंस जारी कर दिया गया है।
15 अगस्त को किया था उद्घाटन
सीएम मनोहर लाल ने 15 अगस्त को हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था, जिसमें पैसेंजर टर्मिनल का शुभारंभ किया गया था। टर्मिनल में यात्रियों के लिए जरूरी सभी सुविधाओं को शुरू किया गया है। सीएम ने 15 अक्तूबर तक हिसार एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने की बात कही थी।
29 दिसंबर 2014 की थी घोषणा
भाजपा सरकार बनने के बाद 29 दिसंबर 2014 को हिसार पहुंचे मनोहर लाल ने हिसार में एयरपोर्ट शुरू करने की घोषणा की थी। वर्ष 2016 में सरकार ने एयरपोर्ट को जमीन देने के लिए प्रस्ताव पारित किया, जिसमें एयरपोर्ट को करीब 4200 एकड़ जमीन दी गई है। अलग-अलग विभागों की जमीन ट्रांसफर की गई है। वर्ष 2017 में एयरपोर्ट पर तीन नए हैंगर बनना शुरू हुए। वर्ष 2017 में एयरपोर्ट के लिए 50 करोड़ रुपये भी जारी किए गए थे।
उड़ान के तहत हवाई सेवाएं
हिसार में अगले महीने उड़ान शुरू हो सकती है, जिसमें पहले चरण में हिसार से दिल्ली और हिसार से चंडीगढ़ की सेवा शुरू होगी। इसमें करीब 1460 रुपये किराया होगा। दूसरे चरण में हिमाचल के कुछ शहरों के लिए हवाएं उड़ान मिलेंगी। एयरपोर्ट पर हवाई उड़ान शुरू करने में आखिरी बाधा निजी कंपनी के पास विमान न होना है। जिस कंपनी को हिसार एयरपोर्ट से सेवाएं शुरू करने का लाइसेंस मिला है, उस कंपनी के पास अपना विमान नहीं है। कंपनी को छोटे विमान खरीदेगी। उसके बाद ही हवाई सेवाएं शुरू की जाएगी।