अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान में अब इंटरनेशनल मैच हो सकेंगे। डे-नाइट में करवाए जाने वाले इंटरनेशनल मैचों की अब लाइव टेलीकॉस्ट में किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। इसको लेकर खेल विभाग ने प्ले ग्राउंड में फ्लड लाइट बढ़वाने की तैयारी कर ली है। इसको लेकर 80 लाख की ग्रांट भी आ चुकी है। यह ग्रांट खेल विभाग ने निगम को भेज दी है। अब नगर निगम की टेक्निकल टीम इस 80 लाख की ग्रांट से और फ्लड लाइटें लगवाएगी।
50 लाख में होगा सिविल वर्क
नगर निगम के पास खेल विभाग ने करीब 1.30 करोड़ की ग्रांट भेजी है। इसमें 50 लाख की लागत से सिविल वर्क करवाया जाएगा। खेल विभाग के अधिकारियों की मानें तो इसमें बिल्डिंग के एक्सटेंशन ज्वाइंट का काम व दोनों ग्राउंड के बीच से निकाली गई सड़क के निर्माण पर यह पैसा खर्च किया जाएगा। अब नगर निगम के अधिकारी जल्द ही इसका एस्टिमेट तैयार कर टेंडर लगाएंगे। इसके बाद यह वर्क किसी एजेंसी को अलॉट कर जल्द ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।
हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया की टेक्निकल टीम ने निकाली थी कमी
नगर निगम ने करीब 10 करोड़ की लागत से हॉकी एस्ट्रोटर्फ का मैदान तैयार करवाया था। जब मैैदान तैयार कर दिया था तो हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया की टेक्निकल टीम ने भी यहां दौरा किया था। टेक्निकल टीम ने आपत्ति जताई थी कि फ्लड लाइट कम हैं। इसके कारण डे-नाइट में चलने वाले मैचों की वीडियो रिकॉर्डिंग में दिक्कत आएगी। उन्होंने कहा कि जब मैच लाइव चलाया जाना है तो विजुअल क्लीयर नहीं आएगी। इसलिए इंटरनेशनल मैच के लिए अभी तक यह ग्राउंड तैयार नहीं है। इसके बाद से अधिकारियों ने इस ग्राउंड में और फ्लड लाइट लगवाने की प्लानिंग की थी।
फ्लड लाइट और कुछ सिविल वर्क के लिए निगम के पास एक करोड़ से अधिक रुपया आया है। जल्द ही टेंडर लगाकर ये काम करवाए जाएंगे। -अमित कौशिक, एमई नगर निगम
लाइव टेलीकॉस्ट में रात में विजुअल साफ न आने के चक्कर में दिक्कत आ रही थी। फ्लड लाइट बढे़ंगी तो इंटरनेशनल मैच करवाए जा सकेंगे। -विजेंद्र सिंह, हॉकी कोच