अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
आरएसएस के स्थापना दिवस एवमं विजयादशमी के अवसर पर शनिवार को शहर में कई स्थानों पर शाखा अनुसार पथ संचलन निकाला गया। इसके बाद शस्त्र पूजन भी किया गया।
सेक्टर-13 के गोविंद पार्क में पहले शस्त्र पूजन किया गया। जिला कार्यवाहक आदीश जैन ने विजयादशमी के त्योहार और संघ के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शस्त्र का उल्लेख हमारे शास्त्रों में भी है। हमें अपनी रक्षा के लिए शस्त्र की शिक्षा जरूरी है।
इसके बाद स्वयंसेवकों ने पथ संचलन निकाला। यह सेक्टर-13 की मार्केट से होते हुए तोशाम रोड और इसके बाद दूरदर्शन केंद्र के समक्ष से गुजरते हुए सेक्टर-16 की ओर अग्रसर हुआ। अंत में शाखा स्थल पर पुन: पहुंचकर समापन किया। प्रार्थना के बाद ध्वज प्रणाम किया। इस मौके पर एनसी अग्रवाल, नरेंद्र वर्मा, मुख्य शिक्षक विजय, अनिल, वीरेंद्र शर्मा, नरेश कौशिक, विवेक पाठक, अश्वनी जैन, नेकचंद आदि स्वयंसेवक मौजूद थे। शहर की सभी शाखाओं में अलग-अलग पथ संचलन किया गया। आरएसएस की शहर में 10 से अधिक शाखाएं चल रही हैं।