हिसार। जिले में लगातार दूसरे दिन कोरोना आंकड़ा एक बार फिर एक हजार के पार रहा। शुक्रवार को 1143 से संक्रमित मरीज मिले हैं। 17 मरीजों की कोरोना से मौत हुई है। कोविड-19 से होने वाली मौत का आंकड़ा 570 हो गया है। मई माह के 7 दिनों में अब तक 120 लोग कोरोना संक्रमण से अपनी जिंदगी की जंग हार चुके हैं। इनमें युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल है। शुक्रवार को 900 मरीज कोरोना की जंग जीतकर घर लौटे।
जिला प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य विभाग को ब्राह्मण धर्मशाला में कोविड-19 केयर सेंटर शुरू करने की अनुमति मिल गई है। शनिवार से ब्राह्मण धर्मशाला में भी केयर सेंटर की सुविधा शुरू होगी। इसे मिलाकर शहर में कुल 5 केयर सेंटर हो गए हैं। इनमें से एक निजी होटल में पेड व्यवस्था का केयर सेंटर भी शामिल है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में सैंपलिंग नहीं हो पा रही है। अधिकतर लोगों की समय पर जांच नहीं हो पा रही है, जिस कारण बिना जांच के ही वह घर पर ही दम तोड़ देते हैं। इससे पहले ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्येक गांव में सैंपलिंग होती थी। इसके लिए सप्ताह में शेड्यूल बनाया था। उसी दिन टीम गांव में सैंपल लेने के लिए जाती है। इसके लिए पहले वहां पर मुनादी करवाई जाती थी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सैंपल देने के लिए आ सें। मगर अबकी बार ऐसा नहीं है। गांवों में लोग बिना जांच के ही नजदीकी दवा संचालक या चिकित्सक से दवा ले रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम शहर में कंटेनमेंट जोन और फील्ड में ही सैंपल लेने के लिए जुटी हुई है।
जिले में सक्रिय मरीज 8045
जिले में पिछले 4 दिनों से ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट भी एक ही जगह पर टिका हुआ है, जो अब 75.16% पर है। अब सक्रिय मरीजों का आंकड़ा भी 8045 हो गया है। कुल मिलाकर संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 37256 हो गया है। अब तक 28641 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
बुखार के चलते हो रही मौत
इन दिनों ग्रामीण क्षेत्र में गांव में कई लोगों की बुखार के चलते मौत हो रही है, जिनका जांच न होने के उपाय कारण कोई पता नहीं चल पा रहा है। सीएचसी पीएचसी पर तैनात स्टाफ भी कोई जानकारी नहीं दे रहा है। गांवों में कोरोना का सामुदायिक संक्रमण होने के संकेत मिल रहे हैं।