अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। नगर निगम की प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के कर्मचारियों ने पेंडिंग चल रही 1500 फाइलों का स्टेटस तैयार कर लिया है। अब प्रत्येक फाइल के स्टेटस संबंधी जानकारी रविवार शाम तक प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के बाहर चस्पा की जाएगी। इनमें से 486 फाइलें ऐसी हैं, जिनको कंप्यूटर में अपलोड कर दिया गया है। वहीं 410 फाइलों की वेरिफिकेशन के लिए मौका देखना बाकी है। पार्षद से विवाद के बाद भी शनिवार को ब्रांच में कर्मचारी पुरानी पेंडिंग फाइलों को निपटाने में जुटे रहे। उधर, मेयर व पार्षदों द्वारा दी गई 15 फरवरी तक की डेडलाइन खत्म हो गई। अब सोमवार को पार्षदों द्वारा स्टेटस रिपोर्ट ली जाएगी।
अक्तूबर से पेंडिंग पड़ी थीं फाइलें
अधिकारियों की मानें तो ब्रांच में अक्तूबर से फाइलें पेंडिंग पड़ी थीं। समय पर फाइलों का निपटान नहीं किया जा रहा था। मगर अब कामकाज को सिरे चढ़ाया गया है। एक-एक फाइल पर गंभीरता से काम हो रहा है। जिन फाइलों का फील्ड संबंधी काम पूरा हो चुका है। उनको कंप्यूटर में अपलोड कर दिया गया है। फील्ड वेरिफिकेशन से लेकर कंप्यूटर में अपलोड हो चुकी फाइलों का डाटा अलग-अलग तैयार किया जा रहा है।
सोमवार को बिगड़ेंगे हालात
सूत्रों की मानें तो सोमवार को निगम कार्यालय में हंगामा होगा। पार्षद और कर्मचारी विवाद में नगरपालिका कर्मचारी संघ द्वारा ब्रांच पर ताला लगाया जाएगा। वहीं पार्षदों द्वारा 15 फरवरी की डेडलाइन खत्म होने के बाद हिसाब लिया जाना है। ऐसी परिस्थितियों के बीच हंगामा होना तय है। कर्मचारी संघ की स्पष्ट चेतावनी है कि अगर पार्षद भूपसिंह रोहिल्ला ने कर्मचारी से सबके सामने माफी नहीं मांगी तो किसी भी सूरत में प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच का ताला नहीं खोलने दिया जाएगा।
पुरानी पेंडेंसी को लगातार कम किया जा रहा है। शनिवार व रविवार को भी प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के कर्मचारी काम कर रहे हैं। अब तक 1500 फाइलों का ब्योरा तैयार कर लिया गया है। प्रत्येक फाइल का स्टेटस बताया जाएगा।
- हरदीप सिंह, कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम
मेयर की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के कर्मचारियों को 15 फरवरी तक की डेडलाइन दी गई थी। यह डेडलाइन खत्म हो चुकी है। अब सोमवार को इस संबंध में जवाब लेने के लिए मेयर साहब से कहा जाएगा।
- अमित ग्रोवर, पार्षद, वार्ड नंबर 14