अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
बरवाला शहर के वार्ड 9 से रविवार को गायब हुई तीन माह की बच्ची मन्नत का अपहरण करने के मामले में बच्ची के पिता जोगेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बुुधवार को पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। इस मामले की जांच एसआईटी को सौंप दी है जिसका नेतृत्व बरवाला डीएसपी जयपाल सिंह करेंगे।
पुलिस की सीआईए टीम ने सोमवार को गांव खेड़ी लोहचब के पास बच्ची के कपड़े आदि बरामद किए थे। कपड़े बरामद होने के बाद तीन माह की बच्ची मन्नत का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। मन्नत के पिता जोगेंद्र से सीआईए रविवार रात से ही पूछताछ कर रही थी। बरवाला डीएसपी जयपाल सिंह ने बताया कि अपहरण के आरोप में जोगेंद्र को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार को आरोपी को रिमांड पर लिया जाएगा जिसमें आरोपी से पूछताछ की जाएगी। जानकारी के अनुसार बच्ची को उसका पिता ही स्कूटी की डिग्गी में डालकर ले गया था। पुलिस अब रिमांड के दौरान पूछेगी कि वह बच्ची को कहां लेकर गया।
इस मामले में एसपी मनीषा चौधरी ने बरवाला के डीएसपी जयपाल सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर दिया है। अब पूरा केस एसआईटी को सौंप दिया गया है। एसआईटी में जयपाल सिंह के साथ बरवाला थाना प्रभारी देवेंद्र नैन तथा महिला हेल्प डेस्क प्रभारी सुनीता देवी को शामिल किया गया है।
यह है मामला
शहर के वार्ड 9 में रहने वाले बधावड़ निवासी जोगेंद्र व उसकी पत्नी वैशाली ने पुलिस में रविवार को शिकायत दी थी कि उसकी तीन माह की बेटी मन्नत जो घर पर सोयी हुई थी अचानक लापता हो गई। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर छानबीन आरंभ की थी।