अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
कुश्ती पहलवान पूजा ढांडा ने अप्रैल 2018 में आस्ट्रेलिया में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। लखनऊ में शनिवार को हुए ट्रायल में पूजा ढांडा ने फाइनल मुकाबले में हरियाणा की ही सरिता को चित्त करते हुए कॉमनवेल्थ के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की। पूजा ढांडा 57 किलोग्राम भारवर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
ट्रायल मुकाबले के सेमीफाइनल में पूजा ढांडा ने फौगाट बहनों के नाम से विख्यात गीता फौगाट को शिकस्त देते हुए फाइनल में प्रवेश किया। यहां सरिता को हराते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए अपनी जगह पक्की की। एक पखवाड़ा पूर्व साउथ अफ्रीका में हुई कॉमनवेल्थ रेसलिंग वूमेन चैंपियनशिप में भी पूजा ने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए 57 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। इससे पहले पूजा ढांडा ने पिछले महीने तुर्कमेनिस्तान में आयोजित पांचवीं एशियन इंडोर एंड मैटेरियलार्ट्स गेम्स में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया था। खेल विभाग हिसार में बतौर कुश्ती प्रशिक्षक एवं कुश्ती की अंतरराष्ट्रीय पहलवान पूजा ढांडा मूल रूप से गांव बुड़ाना निवासी अजमेर ढांडा की पुत्री है। पूजा इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल चुकी है। पूर्व जिला खेल अधिकारी सुभाष चंद्र सोनी ने पूजा ढांडा के इस प्रदर्शन के लिए बधाई दी। खेल निदेशक जगदीप सिंह ने पूजा ढांडा के उमदा प्रदर्शन पर अपनी शुभकामनाएं दीं।
पूजा ढांडा की अब तक की उपलब्धियां
1. सिंगापुर में 2010 में आयोजित यूथ ओलंपिक में सिल्वर मेडल
2. 2011 में थाइलैंड में आयोजित कैडेट एशिया रेसलिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता
3. 2011 में हंगरी में आयोजित वर्ल्ड कैडेट रेसलिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल
4. 2012 में ताशकंद (रूस) में आयोजित जूनियर एशिया रेसलिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल
5. 2013 में साउथ अफ्रीका में आयोजित कॉमनवेल्थ रेसलिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल
6. 2014 में सीनियर एशिया रेसलिंग चैंपियनशिप में ब्रांज मेडल
7. 2017 में साउथ अफ्रीका में आयोजित रेसलिंग चैंपियनशिप चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता।