हिसार। रोडवेज में शनिवार को नूंह से 11 बसें पहुंची हैं। अब इन बसों को लोकल से लेकर लंबे रूट पर दौड़ाया जाएगा। दो से तीन दिन में बसों के कागजात चेक करने के बाद रूट पर भेजा जाएगा।
रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक इन बसों को सिरसा, राजस्थान, चंडीगढ़, भादरा, भूना, हिसार से घिराय होकर खानपूर, बासड़ा, गोरछी, किरतान-डोभी रूट पर चलाने की योजना है, ताकि इन रूट पर यात्रियों को बसों को लेकर परेशानी न हो। पिछले माह की हिसार डिपो की 37 बसें कंडम की गई थीं। अब तक नूंह के अलावा रोहतक से 18 और चरखी दादरी से 3 बसें आ चुकी हैं। नूंह से 2018 मॉडल की बीएस-4 की बसें पहुंची हैं।
रोजाना 10 हजार से ज्यादा यात्रियों का आवागमन
बस स्टैंड पर रोजाना 10 हजार से ज्यादा यात्रियों का आवागमन रहता है। मगर हिसार और हांसी सब डिपो में करीब 262 बसें हैं, जोकि काफी कम है। सबसे ज्यादा लोकल रूटों पर ही विद्यार्थियों से लेकर ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ती है। ऐसे में बसें आने से कुछ राहत मिलेगी। कई बार ग्रामीण रूट पर बसों की समस्या को लेकर विद्यार्थी प्रदर्शन तक भी कर चुके हैं।
अब तक तीन जिले से डिपो को 32 बसें मिल चुकी हैं। ऐसे में कब तक पुरानी बसों पर निर्भर रहेंगे। डिपो में बीएस-6 मॉडल की बसों की जरूरत है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए डिपो में कम से कम 100 बसों आनी चाहिए।
- राजकुमार चौहान, डिपो प्रधान।