फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: एक रात में 104 फाॅल्ट, बिजली किल्लत पर भिवानी रोहिल्ला-घिराय में रोड जाम

विज्ञापन
बिजली लाइन में आई खराबी के कारण हिसार के अर्बन एस्टेट में जला मीटर।
विज्ञापन
हिसार। भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। तापमान बढ़ने के साथ ट्रांसफार्मर हांफने लगे हैं। स्थिति यह रही कि एक ही रात में 104 स्थानों पर बिजली फाल्ट हो गए जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को एक से चार घंटे तक लंबे अघोषित कटों का सामना करना पड़ा। बिजली किल्लत से परेशान ग्रामीण क्षेत्रों में भिवानी रोहिल्ला और घिराय में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
विज्ञापन


हिसार सर्कल में बिजली आपूर्ति की खपत 95 हजार यूनिट से बढ़कर 123.06 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। पांच दिनों में करीब 28 लाख यूनिट का लोड बढ़ने से बिजली व्यवस्था पर भारी दबाव बन गया है और आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की शनिवार रात की दैनिक ब्रेकडाउन रिपोर्ट के अनुसार 11 केवी और 33 केवी फीडरों पर एक से चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे अनेक ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लोगों की रात की नींद उड़ी रही।

रिपोर्ट के अनुसार हिसार सर्कल में 11 केवी फीडरों पर 71 स्थानों पर जंपर टूटने की घटनाएं दर्ज की गईं जबकि 33 केवी फीडरों पर 31 स्थानों पर फाल्ट हुआ। कई फीडरों पर दो से चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। 11 केवी सिंधड़ फीडर पर करीब 4 घंटे 20 मिनट, 33 केवी खेदड़ फीडर पर 2 घंटे 25 मिनट और बरवाला फीडर पर करीब 1 घंटा 35 मिनट तक आपूर्ति प्रभावित रही। तकनीकी कर्मचारी रातभर फॉल्ट दुरुस्त करने में जुटे रहे।
विज्ञापन


बिजली आपूर्ति की पांच दिन में खपत में उतार-चढ़ाव (लाख यूनिट में)

23 जून : 113.28

24 जून : 108.62

25 जून : 111.86

26 जून : 124.86

27 जून : 123.06

-

डीएचबीवीएन की रिपोर्ट के अनुसार संबंधित तकनीकी टीमों ने फॉल्ट दूर कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी। भविष्य में ऐसे ब्रेकडाउन की संख्या कम करने के लिए फीडरों के रखरखाव और तकनीकी निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

- एफआर नकवी, एसई, बिजली वितरण निगम हिसार।

भिवानी रोहिल्ला में सड़क जाम, चार दिन का अल्टीमेटम

भिवानी रोहिल्ला में बिजली किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने गांव के बिजलीघर के पास राजस्थान जाने वाली सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जगमग योजना में शामिल होने और पंचायती भूमि पर बिजलीघर होने के बावजूद लगातार लंबे कट और कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। मौके पर पहुंचे पुलिस व बिजली निगम अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि फीडर को आदमपुर के बजाय आर्यनगर फीडर से वीरवार तक जोड़ दिया जाएगा। इसके बाद जाम समाप्त किया गया, लेकिन ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि चार दिन में समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा जाम लगाएंगे।

घिराय में दो घंटे जाम, 30 जून को बैठक के आश्वासन पर खुला रास्ता

घिराय में शनिवार रात ट्रांसफार्मर का फ्यूज बदलने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने पर ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। रविवार सुबह पगड़ी संभाल जट्टा हांसी के प्रधान सतीश बूरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण सिंघवा राघो-घिराय बस स्टॉप पर एकत्र हुए और हांसी-बरवाला मार्ग जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।सूचना पर भाटला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण स्थायी समाधान की मांग पर अड़े रहे। बाद में बाडो पट्टी सब डिवीजन के एसडीओ संतोष पिलानिया से बातचीत हुई तथा लाइनमैन राजेश और फोरमैन सूबे सिंह ने भरोसा दिलाया कि खराब ट्रांसफार्मर मंगलवार तक बदल दिया जाएगा और आपूर्ति सुचारु की जाएगी। साथ ही 30 जून को उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कराने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें