अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। सरसों की सरकारी खरीद न किए जाने से खफा किसानों ने वीरवार को नई अनाज मंडी में धरना देकर हैफेड कार्यालय का घेराव किया और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। जिले की किसी भी मंडी में सरसों खरीद न होने से किसानों में भारी गुस्सा था। किसानों ने दोपहर बाद तीन बजे हैफेड कार्यालय का घेराव किया। प्रशासन सुबह से ही कार्यालय में नहीं था।
किसान सभा के जिला सचिव सूबेसिंह बूरा ने कहा कि किसान सभा ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को 19 मार्च को ज्ञापन दिया था, जिसमें किसानों की सरसों की फसल बिना शर्त पूरी खरीदने की मांग की गई थी, लेकिन आज तक सरकार का कोई आदेश फसल खरीद का नहीं हुआ। किसान सभा ने फैसला लिया कि एक अप्रैल को बालसमंद तहसील पर और दो अप्रैल को बरवाला, उकलाना व हांसी की मंडियों में प्रदर्शन किया जाएगा। वीरवार को धरने की अध्यक्षता जिला के वरिष्ठ उपप्रधान बारूराम मुकलान ने की व संचालन जिला सचिव सूबेसिंह बूरा एवं दयानंद ढुकिया ने संयुक्त रूप से किया। प्रदर्शन के दौरान हैफेड के मैनेजर राजेंद्र सिंह गिल ने किसान सभा को आश्वासन दिया कि अभी से किसानों की सरसों की सरकारी खरीद शुरू कर रहे हैं। इसके बाद किसान सभा ने घेराव खत्म करते हुए धरने को समाप्त किया।
ये रहे धरने में शामिल
प्रदर्शन में दयानंद पूनिया राज्य सचिव, शमशेर नंबरदार, कर्मसिंह कवांरी, सुभाष कौशिक, हनुमान जौहर, बलबीर पायल सचिव बुड़ाक, रामचंद्र यादव, रामकुमार जांगड़ा, जगीर सिंह कम्बोज, विरेंद्र बगला, कालूराम प्रधान, रमेश सचिव मीरकां, नरेंद्र मलिक, प्रकाश घड़वाल, प्रभुराम, सतबीर भाकर, कुलवंत प्रधान, समुंद्र नंबरदार आदि शामिल रहे।