अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। नामांकन पत्रों की छंटनी के दिन शुक्रवार को वार्ड नंबर एक से भाजपा प्रत्याशी डॉ. डीएन शर्मा के नामांकन फार्म को लेकर काफी विरोध हुआ। वार्ड एक के भाजपा प्रत्याशी डीएन शर्मा ने पत्नी को आंगनबाड़ी वर्कर के बजाय फार्म में हाउसवाइफ लिखा। यही नहीं उन्होंने फार्म में वार्ड नंबर दो के वासी मनोज को अपना प्रपोजर बनाया, जबकि अपने ही वार्ड का प्रपोजर बनाना होता है। शर्मा के प्रतिद्वंद्वी पूर्व पार्षद अनिल टीनू जैन ने उनके फार्म में अधिकारियों को गलतियां दिखाते हुए उनका नामांकन रद्द करने की मांग उठाई। जब अनिल जैन ने मौखिक विरोध किया तो अधिकारियों ने उन्हें लिखित में शिकायत देने को कहा। उन्होंने नामांकन फार्म में वार्ड नंबर दो के निवासी मनोज को अपना प्रपोजर बनाया, जबकि अपने ही वार्ड का प्रपोजर बनाना होता है।
आखिरकार शाम छह बजे लिखित शिकायत एसडीएम कार्यालय को दी गई। वहीं, वार्ड नंबर 14 के पार्षद उम्मीदवार जितेंद्र श्योराण द्वारा विधायक डॉ. कमल गुप्ता के घर के बाहर प्रदर्शन करने के मामले में दर्ज केस का मुद्दा उठाया गया। मगर बाद में मौके पर आए एडीसी एएस मान ने हुडा अथॉरिटी के एडीए की राय ली। एडीए ने स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ने से उन्हें नहीं रोका जा सकता है।
ये थी डीएन शर्मा के नामांकन फार्म में गलतियां
निर्दलीय प्रत्याशी अनिल जैन के आरोपों के अनुसार सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन फार्म लेने का समय निर्धारित था। मगर एसडीएम ने दोपहर 3 बजकर 10 मिनट पर डीएन शर्मा का नामांकन फार्म जमा किया। यह समय एसडीएम की रिपोर्ट में दर्ज हुआ है। इसी तरह डीएन शर्मा ने फार्म में अपनी पत्नी चंद्रकला को हाउसवाइफ दर्शाया है, जबकि वे ऋषि नगर की आंगनबाड़ी में वर्कर हैं। वहीं शर्मा ने किस यूनिवर्सिटी या कॉलेज से डिग्री ली है, इसका भी फार्म में उल्लेख नहीं किया गया है। इन सभी आरोपों को जैन ने एसडीएम के समक्ष रखा। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच एसडीएम कार्यालय में बहस होती रही।
अपने ही वार्ड का बनाना होता है प्रपोजर
चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक किसी भी व्यक्ति को पार्षद का चुनाव लड़ने के दौरान प्रपोजर उसी वार्ड का बनाना होता है। मगर डीएन शर्मा ने अपने नामांकन फार्म में वार्ड नंबर दो निवासी मनोज नामक व्यक्ति को प्रपोजर बनाया हुआ था। इसे भी नियमों का उल्लंघन बताते हुए नामांकन रद्द करने की मांग की गई।
श्योराण ने एन्हांसमेंट के मुद्दे को लेकर किया था विधायक आवास पर प्रदर्शन
सेक्टर 16-17 आरडब्ल्यूए के प्रधान जितेंद्र श्योराण ने एन्हांसमेंट के मुद्दे को लेकर अगस्त में सेक्टर वासियों के साथ विधायक डॉ. कमल गुप्ता के आवास पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान विधायक के साथ धक्कामुक्की और कहासुनी भी हो गई थी। आरोप यह भी लगे थे कि विधायक पर डंडे बरसाने की कोशिश की गई। इसके बाद पुलिस ने आरडब्ल्यूए प्रधान जितेंद्र श्योराण सहित 17 लोगों को नामजद कर करीब 60 लोगों पर धक्कामुक्की करने व सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। रात में ही पुलिस ने जितेंद्र श्योराण व उनके पांच अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई थी।
वार्ड एक में दो ही उम्मीदवारों में मुकाबला
वार्ड नंबर 1 में इन त्रुटियों के बवाल बनने के पीछे एक कारण यह भी रहा कि इस वार्ड से पूर्व पार्षद अनिल जैन दो प्लान से लगातार पार्षद बनते आ रहे हैं। पहले उनके मुकाबले में कोई सशक्त उम्मीदवार भी नहीं होता था। इस बार भी इस वार्ड में अनिल जैन और डीएन शर्मा केवल दो ही उम्मीदवारों में मुकाबला है। इसलिए अगर डीएन शर्मा का नामांकन रद्द हो जाता है तो अनिल जैन निर्विरोध पार्षद बन जाएंगे।
डीएन शर्मा की पत्नी चंद्रकला हमारे ऋषि नगर स्थित सेंटर में आंगनबाड़ी वर्कर हैं। मगर हम आंगनबाड़ी वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी नहीं कह सकते।
पूनम रमन, परियोजना अधिकारी, आईसीडीएस
भाजपा प्रत्याशी डीएन शर्मा के नामांकन फार्म में अनेक त्रुटियां हैं। फार्म निर्धारित समय के बाद लिया गया। प्रपोजर दूसरे वार्ड का है। पत्नी को हाउसवाइफ दर्शा रखा है। इसके अलावा भी कई खामियां हैं। नियमानुसार उसी समय अधिकारियों को फार्म रद्द करना चाहिए था। हमसे शाम छह बजे लिखित शिकायत ली गई है। मगर अधिकारियों ने कार्रवाई नहीं की है। अधिकारी भी सरकार के दबाव में हैं। हमने चुनाव आयोग को भी लिखित शिकायत भेज दी है।
-अनिल टीनू जैन, निर्दलीय प्रत्याशी, वार्ड नंबर 1
हमने तो कभी इस तरह की शिकायतें नहीं कीं। बाल की खाल को खींचा जा रहा है। चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए फार्म भर दिया। फार्म में खामियां निकालने के बजाय जनता से वोट मांगने चाहिए। जनता जिसे चाहेगी, वह वार्ड का पार्षद बन जाएगा। फार्म में कई जगह कॉलम भरने थे, कुछ जगह सही जानकारी भी लिखी है। मैं तो एसडीएम कोर्ट में दोपहर ढाई बजे ही पहुंच गया था। मेरे से पहले 15 उम्मीदवार फार्म जमा करवा रहे थे। अब उस प्रक्रिया में समय लगा तो मेरी गलती नहीं है। मुझे फार्म लेकर रसीद भी दी गई है।
डॉ. डीएन शर्मा, भाजपा प्रत्याशी, वार्ड नंबर 1