अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
गांव मिंगनीखेडा निवासी नवीन मिचू ने कहा कि नलवा माइनर में पिछले पांच दिनों से पानी आया हुआ है। यह गांव टेल पर होने के कारण किसान एक एकड़ की सिंचाई भी नहीं कर पा रहे।
माइनर में टेल पर नाम मात्र का पानी आ रहा है। पानी की स्पीड इतनी कम है कि सिंचाई नहीं कर पा रहे। प्रदेश के सीएम मनोहरलाल सभी टेल पर पानी पहुंचाने का दावा कर रहे हैं। अगर सीएम साहब को हकीकत देेखनी हो तो हमारे गांव आ जाएं। गांव के किसान ओम मीचू, जयबीर रेपस्वाल, प्रहलाद सिंह, जयपाल मीचू, राज मुआल सहित अन्य ने कहा कि गांव में पानी की समस्या पिछले लंबे समय से है। गांव में पशुओं के लिए हरा चारा तक की बिजाई नहीं हो पाई है। गांव के किसान अपनी समस्या को लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मिले थे। दो बार शिकायत दे चुके हैं। इसके बाद भी समाधान नहीं किया गया। सिंचाई विभाग के एसडीओ ने कहा कि जल्द ही दो मोगे बंद किए जाएंगे। अब तक अधिकारियों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। किसानों को पानी नहीं मिल पाएगा तो फसल के बिजाई ही नहीं हो पाएगी। नवीन मीचू ने कहा कि इस मुद्दे को जिला स्तर पर उठाएंगे। जल्द ही डीसी से भी मिलेंगे।