नगर निगम प्रशासन की ओर से रविवार को तीन कॉलोनियों और अर्बन एस्टेट-टू में लावारिस पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया गया। इस दौरान ऋषि नगर में बूस्टिंग स्टेशन के पास बनी एक गली में निगम टीम को हर खाली प्लॉट में पशुबाड़ा बना हुआ मिला। मेयर गौतम सरदाना ने पार्षद अनिल जैन, पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण केडिया व सुशील शर्मा के साथ इन पशुबाड़ों का निरीक्षण किया। एक पशुपालक ने तो प्लॉट के अंदर करीब 20 गायों को बांध रखा था। मेयर गौतम सरदाना ने प्लॉटों के हालात देखे तो पशुपालकों को फटकार लगाई। उन्होंने पशुपालकों से कहा कि व्यस्थित तरीके से पशुओं को रखो, नहीं तो निगम टीम इन्हें गो अभयारण्य में ले जाएगी। वहीं उन्होंने गली में पशु बांधने वालों को भी चेतावनी दी।
कांटेदार झाड़ियों में बांध रहे पशु
इसके अलावा ऋषि नगर में बस स्टैंड के पीछे कांटेदार झाड़ियों में भी पशुपालकों ने पशुओं को बांधा हुआ था। मगर निगम टीम के आने की भनक लगते ही इन पशुओं को यहां से पशुपालक ले गए। अगर टीम को पशु मिल जाते तो उन्हें भी गो अभयारण्य में भिजवा दिया जाता। लोगों ने निगम टीम के सदस्यों को बताया कि यहां रोजाना पशुपालक पशु बांधते हैं। इस कारण यहां गोबर व अन्य गंदगी फैली रहती है।
सेक्टर 14 से पकड़े गए 50 प्रतिशत पशु
नगर निगम टीम की ओर से अब तक 819 पशुओं को पकड़कर गोअभयारण्य में भेजा जा चुका है। इनमें से करीब 50 प्रतिशत पशु सेक्टर-14 से ही पकड़े गए हैं। अकेले सेक्टर 14 से 414 पशुओं को पकड़ा जा चुका है। इनमें से 150 से अधिक पशु तो खुद सेक्टरवासियों ने पकड़कर कम्यूनिटी सेंटर में एकत्रित किए थे।
रविवार शाम को भी कम्यूनिटी सेंटर में रोके पशु
सेक्टर 14 के निवासियों की ओर से पूरी तरह सेक्टर को लावारिस पशु मुक्त करने का बीड़ा उठाया गया है। पार्षद प्रतिनिधि और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के नेतृत्व में रविवार शाम को भी सेक्टरवासियों ने गायों को कम्यूनिटी सेंटर में रोका। इन गायों को अब सोमवार सुबह गो अभयारण्य में भिजवाया जाएगा।
यहां-यहां पर चला अभियान
नगर निगम की टीम ने रविवार को ऋषि नगर, भामाशाह नगर, न्यू अग्रवाल कॉलोनी, अर्बन एस्टेट टू में अभियान चलाया गया। इस दौरान इस स्थानों से निगम की टीम ने 101 लावारिस पशु पकड़े, जिन्हें गोअभयारण्य भेजा गया। इस मौके पर पार्षद अनिल जैन, पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण केडिया, पार्षद प्रतिनिधि सुशील शर्मा, पूर्व पार्षद उदयवीर सिंह मिंटू, अर्बन एस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन से राकेश आर्य, नोडल अधिकारी राजेश कुमार व अन्य एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे। अर्बन एस्टेट टू के लोग तो लंबे समय से लावारिस पशुओं से निजात दिलाने की मांग कर रहे थे।
जनता के सहयोग से अभियान को कामयाबी मिल रही है। पार्षद और जनता इसी प्रकार सहयोग करते रहे तो शहर को लावारिस पशु मुक्त कर दिया जाएगा। अवैध पशुबाड़ों पर भी नियमित रूप से कार्रवाई हो रही है।
गौतम सरदाना, मेयर, नगर निगम।