पुलिस टीम गांव पिरांवाली में नशा तस्करों के खिलाफ सर्च अभियान चलाते हुए।
हिसार। सदर थाना पुलिस ने शनिवार को पिरांवाली गांव के सुनसान इलाके में छापा मारकर नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने वहां झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 5 ड्रम से लगभग 1000 लीटर लाहन (कच्ची शराब) बरामद की। इसके अलावा शराब बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
यह ऑपरेशन डॉग स्क्वॉड और स्वाट कमांडो टीम की मदद से सफल हुआ। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सदर थाना पुलिस को शनिवार को सूचना मिली कि पिरांवाली गांव के बाहरी इलाके में अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसआई विनोद कुमार के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। इलाके की भौगोलिक स्थिति को चुनौतीपूर्ण देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड का सहारा लिया जिसने सटीक स्थान की पहचान करने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस की स्वाट टीम ने सुरक्षा घेरा बनाकर ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। एसआई विनोद कुमार ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस आरोपियों की खोजबीन कर रही है।