बालसमंद। नैनीताल में खाई में गिरने से शाहपुर गांव स्थित न्यू मानव इंटरनेशन स्कूल के शिक्षकों समेत सात की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। सोमवार को शोक स्वरूप क्षेत्र के 10 निजी स्कूल बंद रहे। वहीं घटना का पता चलने पर मृतक और घायलों के परिजन देर रात ही नैनीताल के रवाना हुए। सोमवार सुबह से ही मृतकों के घर पर उनके परिचितों का आना शुरू हो गया। इस हादसे पर हरियाणा-उत्तराखंड के मुख्यमंत्री सहित अन्य नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त कर घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। देर रात एंबुलेंस के जरिये शव शहर पहुंचे। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
घटना के दौरान स्कूल बस में 28 लोग सवार थे, जिसमें सात लोगों की मौत हुई जबकि 21 घायल हुए हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर बनी है। प्रत्यक्षदर्शी पुलिस कर्मियों के अनुसार चालक समेत तीन लोग सड़क से 150 मीटर गहरी खाई में गिरे थे। जिस पेड़ से बस अटकी उस जगह पर सभी पर्यटक बस से बाहर गिरे थे। हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती घायल सदमे से बाहर नहीं आ पा रहे थे।
10 के सिर में लग गहरी चोट
स्कूल बस में सवार 21 लोगों में से 10 के सिर में गहरी चोट लगी है। घायलों में विनीता(28), दीक्षा (23), सुनीता (34), समिंद्र कौर(40), कमलप्रीत (13), मोनिका (33), अभिषेक (24), साधू (30), कपिल (38) और अभिषेक (23), मुस्कान(21), सोनिका (23), सोनिया (26), प्रियंका (32), पकंज (27), कपिल(38), अंकित (14), कनीना (23) और अमरजीत (31) शामिल हैं।
उत्तराखंड के नैनीताल में हरियाणा के यात्रियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुए हादसे में 7 लोगों की मृत्यु व अन्य लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद तथा दुर्भाग्यपूर्ण है। सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। भगवान दिवंगत आत्माओं को शांति एवं सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। - मनोहर लाल, मुख्यमंत्री, हरियाणा
हिसार के एक स्कूल की बस के नैनीताल के पास खाई में गिरने से हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की खबर सुनकर चिंतित हूं। हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है की इस हादसे में लापता और घायल लोग जल्द सकुशल अपने घर वापस लौटें। - दीपेंद्र हुड्डा, कांग्रेस नेता
नैनीताल के पास हिसार के एक स्कूल की बस खाई में गिरने पर, इस दुर्भाग्यपूर्ण खबर को सुनकर मन बहुत चिंतित हैं। जान गंवाने वाले लोगों के परिवार वालों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं। भगवान से प्रार्थना करता हूं जो इस घटना में लापता और घायल हुए हैं, वह सकुशल अपने घर वापस लौटें। - बलराज कुंडू, विधायक, महम
नैनीताल के नजदीक हिसार के एक स्कूल की बस की दुर्घटना का दुखद समाचार मिला। इस हादसे में अपनी जान गंवाने वालों के प्रति मेरी संवेंदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र ठीक होने की कामना करता हूं। - बिजेंद्र सिंह, हिसार लोकसभा सांसद, भाजपा