जिले में सोमवार को 10 कोरोना संक्रमित मिले। इनको मिलाकर कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 16909 हो गया है। अब तक जिले के 16461 मरीज कोरोना की जंग जीतकर घर लौट चुके हैं। अब केवल 133 एक्टिव केस हैं। ऐसे में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट बढ़कर 97.35 हो गया है।
उप सिविल सर्जन डॉ. जया गोयल और नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष खटरेजा की तरफ से सभी संक्रमित मरीजों की हिस्ट्री जुटा ली गई है और उन्हें लक्षण के हिसाब से कोविड-19 अस्पताल या केयर सेंटरों में रेफर कर दिया गया है। देर शाम आई रिपोर्ट में एक संक्रमित मरीज ऐसा मिला है, जिसका विभाग को अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। अभी विभाग द्वारा अज्ञात मरीज की तलाश की जा रही है ताकि अन्य में संक्रमण न फैले। इसी के साथ बाकी अज्ञात संक्रमित मरीजों की भी तलाश की जा रही है। इसके लिए विभाग ने जिला प्रशासन को फाइल भेजी है ताकि सहयोग से जल्दी ट्रेस कर सकें।
ये मिले संक्रमित : डॉ. जया गोयल के अनुसार देर शाम को आई रिपोर्ट में ग्लोबल स्पेस क्षेत्र की रहने वाली 45 वर्षीय अध्यापिका, रामपुरा मोहल्ला निवासी वकील, खारिया गांव का 15 वर्षीय विद्यार्थी व 13 वर्षीय छात्रा, लाडवा का रहने वाला 15 वर्षीय छात्र, 31 वर्षीय दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल संक्रमित मिले हैं। इसी के साथ एक रिटायर्ड कर्मचारी व सीनियर सिटीजन भी संक्रमित मिले हैं।