हिसार। पीएलए पुलिस चौकी और सीआईए मिल गेट ने बुधवार को पटेल नगर में हथियारों के साथ हुड़दंग मचाने वाले 10 बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनमें एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों को वीरवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उनसे पूछताछ की जा सके।
पीएलए चौकी प्रभारी अनूप ने बताया कि बुधवार को पटेल नगर में बदमाश एक घर के बाहर 10-11 युवक हथियारों, लोहे के कापा और गाड़ियों के साथ इकट्ठा होकर सरेआम हुड़दंगबाजी कर रहे थे और इलाके में दहशत फैला रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे लेकिन पुलिस ने 10 आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। कुछ आरोपी भागने में सफल रहे।
गिरफ्तार आरोपियों में फतेहाबाद जिले के भूना निवासी नसीब, गगन व विजय, फतेहाबाद निवासी जुगनू व साहिल, नारनौंद निवासी सागर और मस्ताना, बिछपड़ी निवासी राहुल व साहिल और करनाल जिले के असंध निवासी प्रिंस शामिल हैं। पुलिस ने नसीब से एक 12 बोर की दोनाली बंदूक और कारतूस बरामद किया, जबकि सागर से एक लोहे का कापा और कारतूस बरामद हुआ है।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 111, 191(2), 191(3), 190, 194 और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1 बी)ए-54-59 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।