महेंद्रगढ़ में बूथ के आगे धरने पर बैठे ग्रामीण।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
महेंद्रगढ़ खंड के गांव खातोदड़ा के ग्रामीणों ने मतदान रोक दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव से सरपंच पद के उम्मीदवार हरपाल उर्फ बबली शनिवार सुबह से लापता है, जब तक पुलिस हरपाल की तलाश नहीं करती, तब तक मतदान नहीं होने दिया जाएगा। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी विक्रांत भूषण ने ग्रामीणों को आश्वासन देकर मतदान शुरू कराने की अपील की लेकिन ग्रामीण हरपाल के आने के बाद ही मतदान शुरू करने की बात पर अड़े रहे। पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। लेकिन ग्रामीण मांग कर रहे हैं कि जब तक हरपाल नहीं आएगा बूथ पर मतदान प्रक्रिया शुरू नहीं की जाएगी।
सुबह सात बजे मतदान प्रक्रिया शुरू होनी थी लेकिन हरपाल की तलाशी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सुबह से ही मतदान बंद रखा। पोलिंग पार्टी भी मतदाताओं का इंतजार करने लगी। ग्रामीण सरपंच पद के उम्मीदवार की शीघ्र तलाशी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए हैं।
एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि रात नौ बजे सूचना मिली कि खातोदड़ा में सूचना मिली कि गांव के सरपंच पद प्रत्याशी हरपाल उर्फ बबली लापता है। इसके बाद शीघ्र ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। सीआईए नारनौल, महेंद्रगढ़ व साइबर सैल की टीम को तलाश में लगा दिया है। जिस गाड़ी में हरपाल गया था वह गाड़ी मिल चुकी है।