हरियाणा के जिला जींद के नरवाना उपमंडल में सामान्य अस्पताल के सामने बुधवार शाम को कुछ लोगों ने इस्माईपुर रोड स्थित ढाणी के हेयर ड्रेसर सतबीर उर्फ संतू (27) की गोली मारकर हत्या कर दी।
शहर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। हालांकि, अभी तक पुलिस ने किसी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया है।
मृतक संतू नरवाना में मुस्कान हेयर ड्रेसर के नाम से दुकान चलाता था। बुधवार शाम अज्ञात हमलावर उसकी दुकान पर आए और धड़ाधड़ दो फायर कर दाग कर फरार हो गए।
इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायल सतबीर को सामान्य अस्पताल में ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी कुलवंत बिश्नोई ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। समाचार लिखे जाने तक हमलावरों के बारे में कुछ पता नहीं चल सका। गोली चलने से पहले आपस में कहासुनी होने की चर्चा है।