साइबर सिटी में एक जनवरी से इंटरनेशनल ओपन ग्रैंड मास्टर चेस टूर्नामेंट का आगाज हो रहा है। इसका समापन आठ जनवरी को होगा। इसका आयोजन सेक्टर-54 स्थित सनसिटी स्कूल में होगा। चैंपियन को 10 लाख 11 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
टूर्नामेंट में बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका, कजाकिस्तान, यूक्रेन और मलेशिया के खिलाड़ी आएंगे। शतरंज एसोसिएशन की ओर से इसका आयोजन प्रदेश के खिलाड़ियों को एक्सपोजर देने के लिए किया जा रहा है।
उनकी प्रतिभा उभरकर सामने आए, इसके लिए बेस्ट हरियाणा प्लेयर, बेस्ट हरियाणा गर्ल प्लेयर, बेस्ट गुड़गांव प्लेयर और बेस्ट गुड़गांव गर्ल प्लेयर के खिताब सहित कई और सम्मान हरियाणा की प्रतिभाओं को दिए जाएंगे।
हरियाणा शतरंज एसोसिएशन को इस टूर्नामेंट में 300 से अधिक खिलाड़ियों के शिरकत करने की उम्मीद है। एसोसिएशन के महासचिव नरेश शर्मा ने बताया कि अभी तक 175 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। एसोसिएशन की ओर से वर्ष 2009 में पहला इंटरनेशनल ओपन ग्रैंड मास्टर चेस टूर्नामेंट कराया गया था। अब चार वर्ष बाद यह टूर्नामेंट कराया जा रहा है।
एक जनवरी तक पंजीकरण
टूर्नामेंट के लिए एक जनवरी की सुबह 10 बजे तक पंजीकरण कराया जा सकता है। 29 दिसंबर के बाद से लेट फीस लगेगी। भारतीय खिलाड़ी 30-31 दिसंबर को 500 रुपये लेट फीस के साथ पंजीकरण करवा सकते हैं। अगर कोई खिलाड़ी रह जाता है तो वह एक जनवरी की सुबह 11 बजे तक 1,000 रुपये लेट फीस के साथ नाम दर्ज करा सकते हैं।
आठ दिनों में कुल 10 राउंड होंगे
इंटरनेशनल ओपन ग्रैंड मास्टर चेस टूर्नामेंट के आठ दिनों में कुल 10 राउंड होंगे। दो से चार जनवरी के बीच 2-2 राउंड और बाकी दिनों में 1-1 राउंड के मुकाबले होंगे। 300 खिलाड़ियों के लिए 150 बोर्ड लगाए जाएंगे। एक खिलाड़ी को दो घंटे का समय दिया जाएगा। प्रत्येक खिलाड़ी को एक घंटे में कम से कम 40 बार चाल चलनी होगी।