सिटी बसों में महिला सुरक्षा के दावे हवा हो रहे हैं। बसों में मनचलों की बदसलूकी जारी है। बृहस्पतिवार देर शाम फरीदाबाद रूट की सिटी बस में एक युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया। हालांकि युवती ने साहस दिखाते हुए मनचले को सुरक्षा गार्ड की मदद से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, युवती गुड़गांव में काम करती है। वह फरीदाबाद से रोज सिटी बस में आती-जाती है। बृहस्पतिवार को भी फरीदाबाद के लिए निकली थी।
बस में गुड़गांव का अशोक नामक युवक भी सवार हो गया। आरोप है कि वह युवती के बगल में बैठकर उससे छेड़खानी करने लगा। उसकी हरकतों से तंग आकर युवती ने उसे धमका दिया।
इस पर आरोपी पिछली सीट पर जा बैठा, लेकिन उसके बाद भी हरकतें बंद नहीं हुईं। ऐसे में युवती से उसे सबक सिखाने का फैसला कर लिया। जैसे ही बस फरीदाबाद एनआईटी पर रुकी, तो उसने युवक की गर्दन पकड़कर उसे नीचे खींच लिया।
बस अड्डे पर खड़े गार्ड की मदद से पुलिस को कॉल कर उसके हवाले कर दिया। बाद में उसे वहां से गुड़गांव बस अड्डा पुलिस को सौंप दिया गया।
नहीं मिलता रिजर्व सीटों का लाभ
दिल्ली गैंगरेप के बाद रोडवेज प्रबंधन ने महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर बसों में उनके लिए सीटें रिजर्व की थीं। इसके अलावा चालक-परिचालकों को महिला यात्रियों पर खास नजर रखने के भी निर्देश दिए गए थे, लेकिन बसों में न तो महिलाओं को रिजर्व सीटों का लाभ मिलता है और न चालक-परिचालक उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर हैं। महिला सीट पर जमे पुरुष यात्रियों को उठाने तक की जहमत चालक-परिचालक नहीं उठाते। सिटी बस में छेड़छाड़ का यह पांच मामला है। महाप्रबंधक यशेंद्र सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही चालक-परिचालकों को भी इसे गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए हैं।