जिले में डेंगू पीड़ितों की संख्या 300 को पार कर गई है। तापमान में गिरावट के बाद भी डेंगू के मामलों में कोई कमी नहीं आ रही है। अधिकारियों की मानें तो नवंबर माह के अंत तक डेंगू से पूरी तरह निजात मिल पाएगी।
जिला मलेरिया विभाग ने ईरान से आई टीम के साथ मिलकर शुक्रवार को अशोक विहार क्षेत्र में दवा का छिड़काव किया। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. महेंद्र ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में बायोफ्लैश दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस दवा के यहां भी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने लोगों को मच्छर जनित बीमारियों के कारणों और उनसे बचाव के उपायों पर भी जागरूक किया।
जिले में पिछले चार दिनों के भीतर डेंगू के 15 नए मामले सामने आए हैं। डेंगू का प्रकोप पिछले साल की तुलना में इस साल चार गुना अधिक रहा है। पिछले साल नवंबर में भी 100 से ज्यादा मामले सामने आए थे। ऐसे में दीपावली के बाद भी मच्छररोधी अभियान जारी रखने का निर्णय किया गया है।