सेक्टर-9ए के ईएसआई अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत के मामले में आरोपी चिकित्सक के खिलाफ जांच पूरी नहीं हो पाई है।
पीड़ित पक्ष के गांव चले जाने की वजह से जांच कमेटी ने अतिरिक्त समय मांगा है। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को पीजीआई डॉक्टरों की सलाह के लिए भेजा है। चिकित्सीय सलाह आने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सुखराली निवासी मीरा की 17 अक्तूबर की सुबह ईएसआई अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था।
प्राथमिक जांच के बाद सेक्टर-17/18 थाना पुलिस ने चिकित्सक रजनीश पर मामला दर्ज किया था। साथ ही, अस्पताल प्रबंधन ने भी जांच कमेटी का गठन किया था। कमेटी को सप्ताह भर में अपनी रिपोर्ट सौंपनी थी।
सूत्रों का कहना है कि पीड़ित पक्ष के गांव चले जाने की वजह से दूसरा पक्ष नहीं मिल पाया है। ऐसे में अतिरिक्त समय दिया गया है। सेक्टर-17/18 थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के बोर्ड से कराया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कुछ भी पता नहीं चल पा रहा। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट को पीजीआई रोहतक भेजकर चिकित्सीय सलाह मांगी गई है।
‘लौटकर जांच प्रक्रिया में शामिल होंगे’
मृतका के जेठ मुन्ना ने बताया कि वह इस समय अपने गांव में हैं। अंतिम रस्म पूरी करने के बाद लौटकर जांच प्रक्रिया में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से उन्हें जांच में शामिल होने के लिए कोई नोटिस नहीं भेजा गया।