गुड़गांव। सुशांत लोक थाना पुलिस ने एक विधवा की शिकायत पर एनआरआई के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया है। आरोपी 12 साल के बेटे का पिता है तो महिला के भी दो बच्चे हैं। दोनों रोहतक के मूल निवासी हैं और साथ-साथ पढ़े हैं।
पुलिस के अनुसार, गुड़गांव गांव में रहने वाली 39 वर्षीय महिला ने शिकायत में कहा है कि अमेरिका के कैलीफोर्निया में ट्रांसपोर्ट का बिजनेस करने वाले दीपक ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। मामले के जांच अधिकारी प्रेम कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी और महिला दोनों ही मूल रूप से रोहतक के रहने वाले हैं। दोनों के परिवारों में लंबे समय से घनिष्ठता है। दोनों साथ-साथ पढ़े भी हैं। महिला के पति की मौत और आरोपी के पत्नी से अलगाव के बाद परिवारों ने दोनों की नजदीकी कराई थी। करीब दो साल से दोनों एक साथ आरडी सिटी में किराए का फ्लैट लेकर रह रहे हैं। आरोपी कई-कई महीने बाद कुछ दिन के लिए ही गुड़गांव आता है। समाज के डर से दोनों ने जनवरी 2013 में शादी भी कर ली बताई गई है। महिला का आरोप है कि आरोपी उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं करता और उसने दूसरी शादी भी कर रखी है। महिला का कहना है कि दूसरी युवती से शादी करने की आरोपी ने उसे कोई सूचना नहीं दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।