गुड़गांव। गुड़गांव-फरीदाबाद रोड स्थित वैली व्यू अपार्टमेंट में रहने वाला कस्टम क्लीयरिंग एजेंट चार दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। परिजनों ने अपहरण का मामला दर्ज कराया है।
गुरुचरण सिंह पुत्र मनमोहन सिंह कस्टम क्लीयरेंस का एजेंट है। जो 16 मई को घर से दिल्ली के तुगलकाबाद जाने की बात कह कर गया था। गुरुचरण सिंह उसी रात से अपने घर वापस नहीं आया है। उसकी पत्नी प्रीती सिंह के बयान पर डीएलएफ फेस वन थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया। बाद में उसे छानबीन के दौरान पता चला कि 16 मई की रात आठ बजे उसके मोबाइल से परिवार वालों से बातचीत हुई है। बातचीत के दौरान उसके मोबाइल की लोकेशन गुड़गांव आ रही है। डीएलएफ फेस वन थाना पुलिस ने पत्नी के बयान पर रविवार की रात को अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है। पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला है कि वह मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है। पुलिस की एक टीम यह जानने में जुटी है कि उसकी कोई वहां से रंजिश तो नहीं चल रही है। जबकि अपराध शाखा की टीम यह जानने में जुटी है कि हाल में उसने किस-किस से संपर्क किया था। कस्टम का सामान क्लीयर कराने के दौरान किसी से कोई विवाद तो नहीं है। थाना प्रभारी डीएलएफ फेस वन का कहना है कि पुलिस सभी पहलू पर काम कर रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।