गुड़गांव। रोडवेज की सुपर लग्जरी वॉल्वो बस सेवा मंगलवार से दोबारा शुरू कर दी गई। इसके तहत सभी 14 बसों को सड़क पर उतार दिया गया है। अब यात्री चंडीगढ़, देहरादून और आगरा तक आरामदायक सफर कर सकेंगे।
हरियाणा रोडवेज की ओर से वॉल्वो बस सेवा को 29 जनवरी 2013 को बंद कर दिया गया था। दिल्ली गैंगरेप के बाद वॉल्वो के काले शीशों को आधार बताते हुए दिल्ली पुलिस ने इन बसों को जब्त कर लिया था। इसके बाद रोडवेज ने दिल्ली के सभी रूट बंद कर दिए थे। इसके बाद रोडवेज महाप्रबंधक यशेंद्र सिंह ने सभी 14 बसों के शीशे बदलने का निर्देश दिया था। अब कंपनी ने सभी के शीशे बदलकर बसों को वापस रोडवेज के हवाले कर दिया है। मंगलवार की सुबह से वॉल्वो के सभी रूट दोबारा से शुरू कर दिए गए। इसमें गुड़गांव से चंडीगढ़ रूट पर सबसे अधिक 12 बसें चलेंगी। ये बसें गुड़गांव से दिल्ली एयरपोर्ट, इंटरनेशनल बस अड्डा, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला होते हुए चंडीगढ़ पहुंचेंगी। आगरा और देहरादून के लिए एक-एक बस सेवा रहेगी। देहरादून वाली बस दिल्ली आनंद विहार बस अड्डा से होते हुए जाएगी। वॉल्वो बस सेवा के प्रभारी वीरेंद्र सिंह दलाल ने बताया कि सभी बसें दोबारा से संचालित कर दी गई हैं। मंगलवार की सुबह से सभी रूट बहाल हो गए हैं।
----------
वॉल्वो की समय सारिणी
गुड़गांव से चंडीगढ़ : रात एक बजे, तड़के चार बजे, छह बजे, सात बजे, 10 बजे, 10:30 बजे, दोपहर 12 बजे, 1:30 बजे, 2:30 बजे, दोपहर बाद 3:30 बजे, 4:20 बजे और रात 10 बजे। किराया 595 रुपये
गुड़गांव से आगरा : सुबह 7:15 बजे। किराया 395 रुपये
गुड़गांव से देहरादून : सुबह 7 बजे। किराया 650 रुपये