गुड़गांव। नवनियुक्त नगर निगम आयुक्त ने 15 दिन में शहर को चमकाने के आदेश दिए हैं। दो हफ्ते बाद समीक्षा बैठक कर निर्देश पर अमल का जायजा लिया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त अशोक सांगवान ने मंगलवार को स्वच्छता विभाग के अफसरों और सफाई एजेंसियों के प्रतिनिधियाें की बैठक ली। बैठक में स्वच्छता एवं सौंदर्य समिति के सदस्य तथा निगम के अधिकारी भी शामिल हुए। आयुक्त ने सफाई कार्यों को प्राथमिकता देने के आदेश दिए। समिति के चेयरमैन लखपत कटारिया ने कहा कि अधिकारी ठीक से निगरानी नहीं कर रहे। एजेंसियां कागजों में 1800 कर्मचारी दिखाती हैं, जबकि मौके पर 800 कर्मचारी होते हैं। उन्होंने बायोमैट्रिक मशीन नहीं लगाने को भी साजिश बताया। टेंडर में हर कर्मचारी की हाजिरी बायोमेट्रिक मशीन से लगाने की शर्त थी, लेकिन करीब ढ़ाई महीने बाद भी मशीन नहीं लगी है। कचरा ले जाने वाली गाड़ियों में जीपीएस लगाने के सवाल पर निगम के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. वीके थापर जवाब नहीं दे सके। चेयरमैन ने कहा कि सफाई से संबंधित कोई भी बिल समिति पदाधिकारियों के हस्ताक्षर के बिना पास नहीं माना जाएगा। बैठक में समिति सदस्य रविंद्र यादव, तारो देवी, वरिष्ठ सफाई निरीक्षक बिजेंद्र शर्मा, त्रिलोकचंद शर्मा आदि मौजूद थे।