गुड़गांव। साइबर पार्क स्थित एक सॅाफ्टवेयर कंपनी के संचालक पर अपने कर्मचारियों को सूचित किए बगैर पैकअप करने की तैयारी का आरोप है। इसके विरोध में बुधवार को कंपनी के कर्मचारियों ने उसके आवास पर जाकर प्रदर्शन किया और फिर मामला डीएलएफ पुलिस के पास पहुंच गया।
गाजियाबाद के राजेन्द्र नगर में रहने वाले सॅाफ्टवेयर इंजीनियर विनीत पांडे ने बताया कि वह पीसी केयर आईटी कंपनी में काम करता है। उनकी कंपनी सॅाफ्टवेयर डेवलमेंट सपोर्ट के क्षेत्र में काम करती है। कुछ दिन पहले अमेरिका ने उनकी कंपनी को ब्लैक लिस्टेड करते हुए संगीन आरोप लगाए थे। इस मामले में सुनवाई के बाद अदालत ने सात करोड़ रुपये जुर्माना के तौर पर अमेरिकी कंपनी में जमा करवाए थे। इसके बाद कंपनी संचालक अब उदयपुर में अपनी नई कंपनी खोलने की तैयारी में है। इसके चलते वह साइबर पार्क के आफिस को बंद करना चाहता है।
बताते हैं कि बुधवार की शाम चार बजे वह उदयपुर की फ्लाइट से जाने की तैयारी में था। इसकी सूचना मिलते ही कंपनी के दोनों शिफ्ट के श्रमिक कंपनी में एकत्रित होने लगे। उसके बाद डीएलएफ फेस पांच के उसके आवास पर पहुंचकर उसका घेराव कर दिया। उसके कंपनी संचालक को सुशांतलोक थाने ले आए। थाने के सामने लगभग 200 कर्मचारियों ने प्रदर्शन भी किया। सुशंातलोक थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद दूसरे थाना क्षेत्र की सीमा का मामला बताकर उन्हें डीएलएफ फेस दो थाना पुलिस चौकी भेज दिया। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों की पुलिस के समक्ष सुनवाई चल रही थी। थाना प्रभारी ने बताया कि कंपनी बिना वेतन के शहर छोड़ने की फिराक में है तो इस मामले को सुलझाने के लिए श्रम विभाग के पास भेजा जाएगा।
तीन माह से नहीं कट रहा था पीएफ
आईटी कंपनी में काम करने वालों का आरोप है कि कंपनी संचालक तीन माह से उनके वेतन से कटने वाले पीएफ की राशि संबंधित विभाग में नहीं जमा कर रहा है। उनका कहना है कि अगर कंपनी किसी समस्या से गुजर रही है तो संचालक की ओर से उनको नोटिस देकर सच्चाई बताई जा सकती है।