गुड़गांव/मेवात। कसाब की फांसी के बाद पुलिस महानिदेशक ने प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इसके बाद गुड़गांव और मेवात में चौकसी बढ़ा दी गई है। इसके मद्देनजर मेवात के पुलिस अधीक्षक सुखबीर सिंह ने सभी डीएसपी के साथ बैठक कर क्षेत्र का दौरा किया। ‘अमर उजाला’ से बातचीत में उन्होंने बताया कि फिरोजपुर झिरका में खास तौर से दौरा किया। यहां स्थिति बिल्कु ल सामान्य है। इसके साथ ही अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली से सटे गुड़गांव में पुलिस कमिश्नर केके संधू ने सभी डीसीपी व संयुक्त पुलिस कमिश्नर के साथ बैठक की है। संयुक्त पुलिस कमिश्नर अनिल राव ने बताया कि सभी डीसीपी व थाना प्रभारी को सुरक्षा संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं। मॉल, होटल, गेस्ट हाउस, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, साइबर कैफे पर नजर रखी जा रही है। संयुक्त पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पुलिस को अब तक कहीं से कोई इनपुट नहीं मिला है, जिससे किसी तरह की परेशानी हो। पुलिस को 26/11 तक खास तौर पर सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
क्या बरती जा रही सावधानी
: होटल व गेस्ट हाउस में ठहरने वालों पर नजर
: साइबर कैफे में आने वाले सभी लोगों के पहचान-पत्र लेने का निर्देश
: मॉल में आने वाले महिला व पुरुष की सघन जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति
: रेलवे स्टेशन व बस अड्डे के साथ भीड़-भाड़ वाले स्थान पर पुलिस की तैनाती