अनुबंधित अध्यापक संघ का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
नियमितीकरण की मांग को लेकर कुरुक्षेत्र लघु सचिवालय में अतिथि अध्यापकों का धरना मंगलवार को 135वें दिन भी जारी रहा। राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन को तेज करने के लिए 14 नवंबर को मॉक संसद आयोजित की जाएगी। इसके बाद 14 और 15 नवंबर को प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
आंदोलनकारी शिक्षा विभाग के अधिकारियों की ओर से जारी नकारात्मक स्पीकिंग ऑर्डर की प्रतियां भी जलाएंगे। मंगलवार को धरने की अध्यक्षता ईश्वर सिंह बरवाला ने की। इस दौरान हिसार जिले के अतिथि अध्यापकों ने 24 घंटे के लिए धरने की जिम्मेदारी संभाली। अध्यापक नेताओं ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के नियमितीकरण संबंधी आदेशों के बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने नकारात्मक आदेश जारी किए हैं।
उनका दावा है कि 16 और 18 जून 2014 की तीन साल की नियमितीकरण नीति में ऐसी कोई शर्त नहीं है, जिसके आधार पर अतिथि अध्यापकों को इससे बाहर रखा जा सके। 14 नवंबर की मॉक संसद में कर्मचारी संगठनों, अध्यापक संघों, अभिभावक संगठनों, एसएमसी, संयुक्त किसान मोर्चा, विद्यार्थियों और युवाओं के संगठनों के अलावा वकील, लेखक, प्रोफेसर और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। संघ ने साफ किया है कि सभी अतिथि अध्यापकों के नियमित होने तक धरना जारी रहेगा।