रोहतक रोड स्थित गांव बिशनपुरा में ट्रकों में भरे गैस सिलेंडरों से गैस चोरी होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
यहां
पाइप और पिन की मदद से ट्रक के अंदर ही खाली सिलेंडरों में भरे हुए
सिलेंडरों से गैस भरी जा रही थी। हर सिलेंडर से एक या दो किलो गैस निकाली
जा रही थी। मौके पर मीडिया कर्मियों और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक की
टीम पहुंची तो आरोपी ट्रक समेत मौके से फरार हो गए। इससे साफ पता चल रहा
है कि यहां से जो भी सिलेंडर सप्लाई हो रहे हैं, उनमें गैस कम मिल रही है।
वहीं, भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह गैस निकालने से कोई भी बड़ा हादसा
हो सकता है। गौरतलब है कि रोहतक रोड पर ही गैस प्लांट है।
बिशनपुरा
के सरकारी स्कूल के पीछे वीरवार को एक सिलेंडरों से भरा हुआ ट्रक खड़ा था।
यहां से गैस की बदबू आने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना मीडिया कर्मियों को
दी। इसके बाद जिला खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय को भी सूचना दी गई, लेकिन
उनसे पहले मीडिया कर्मी पहुंचे। इसके बावजूद आरोपी धड़ल्ले से नोजल वाले
पाइप और पिन से गैस चोरी करते रहे। मीडिया कर्मियों द्वारा सवाल-जवाब करने
पर आरोपी मौके से ट्रक समेत फरार हो गए। इसके बाद जिला खाद्य एवं आपूर्ति
अधिकारी की टीम मौके पर पहुंची।
हमारी टीम पुलिस के साथ मौके पर
पहुंची लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। इस प्रकार के कई मामले पहले भी
सामने आ चुके हैं। उनकी एफआईआर भी दर्ज कराई हैं। यह पता नहीं चल सका है
कि गैस सिलेंडर कहां जा रहे थे। उपभोक्ता भी गैस सिलेंडर का वजन करके ही
लें।
- अशोक कुमार, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, जींद