गांव कादरपुर की 30 वर्षीय महिला ने अपने ही गांव के चार लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। बृहस्पतिवार को पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश करनी शुरू कर दी है।
महिला द्वारा पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक बीते आठ नवंबर को उसका अपने पति से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। जिसके बाद दोनों में जमकर लड़ाई हुई। गुस्से में वह अपने पति की पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए घर से निकल पड़ी।
रास्ते में गांव के राजेंद्र, जय नारायण, वेद व फिरे नामक व्यक्ति ने उसे रोते हुए कहीं जाता देखकर कारण पूछा। उसने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि वह अपने पति की शिकायत करने पुलिस के पास जा रही है। इस पर उक्त व्यक्तियों ने उसकी सहायता करने का नाटक करते हुए उसकी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कहते हुए गाड़ी में बैठने को कहा। गाड़ी में बिठाकर वे उसे गांव के बाहर एक खेत की तरफ ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया। उन्होंने पीड़िता को इसकी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और वहां से चले गए। उसने आपबीती अपने पति को बताई जिसके बाद वे पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी रोहताश ने बताया कि मामला दर्ज कर दिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।