कुछ दिन पहले हुई बेमौसमी बारिश के समय कृषि मंत्री ने हास्यास्पद बात बोलते हुए कहा था कि बारिश से किसानों को फायदा हो रहा है। जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को ऐसी गैर जिम्मेदाराना बात नहीं कहनी चाहिए। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि उन्होंने खुद हरियाणा की मंडियों का दौरा किया, किसानों से बात की और कोई भी किसान सरकार की वर्तमान नीतियों से फायदा होने की बात नहीं कर रहा।
एचकेआरएन कर्मचारियों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 2014 में हमने अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई बनाने का प्रस्ताव पास किया था। लेकिन भाजपा सरकार ने इसे 12 साल तक उलझाए रखा। अब सुप्रीम कोर्ट ने भी हमारी नीति के पक्ष में फैसला दिया है। शुरू से कह रहे थे कि कांग्रेस की नीति अपनाकर कर्मचारियों को लाभ दो, लेकिन बीजेपी ने कर्मचारी विरोधी रवैया अपना रखा। जहां कांग्रेस ने हजारों कच्चे कर्मियों को पक्का करके उनके परिवारों को समृद्ध किया।
वहीं, बीजेपी सरकार तो खुद के लगाए एचकेआरएन कर्मचारियों को भी लगातार निकालने में लगी है। भर्तियां निकाली नहीं जा रही और अगर निकलती हैं तो बड़ी नौकरियों में 90 प्रतिशत परीक्षाएं बाहर के लोगों को दी जा रही हैं। अन्य सवालों के जवाब में हुड्डा ने कहा कि जेजेपी और इनेलो भाजपा की बी टीम हैं। हुड्डा ने पार्टी अनुशासन पर दिशा निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी अनुशासन में रहना चाहिए। क्रॉस वोटिंग करने वालों पर कार्रवाई हुई। क्योंकि उन्होंने सिर्फ पार्टी को नहीं, बल्कि उन लोगों को भी धोखा दिया, जिन्होंने उन्हें विधायक चुना था। ऐसे लोगों को इस्तीफा देकर चुनाव लड़ना चाहिए। प्रेस वार्ता में विधायक बीबी बतरा पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी, सुभाष बत्रा, संत कुमार, चक्रवर्ती शर्मा, शहरी प्रधान कुलदीप केडी और बलवान रंगा भी मौजूद रहे।