हरियाणा के जिला सोनीपत में मंगलवार सुबह घने कोहरे का कहर देखने को मिला। नेशनल हाईवे-एक पर कोहरे में 20 से ज्यादा वाहन आपस में भिड़ गए। इसमें पंजाब रोडवेज के ड्राइवर और एक एनआरआई महिला की मौत हो गई, जबकि छह से ज्यादा लोग घायल हैं।
पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने जीटी रोड पर हादसे के बाद वाहनों का रोड से हटवाकर जाम खुलाया।
नेशनल हाईवे-एक पर घने कोहरे के कारण 20 से ज्यादा वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में पंचकूला निवासी एनआरआई महिला शारदा रानी (60) की मौत हो गई।
शारदा रानी सोमवार रात कनाडा से आई थीं। सुबह उनकी इनोवा गाड़ी राई थाने के पास एक खड़े ट्रक में टकरा गई और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
राई थाने के एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि नेशनल हाइवे पर मुरथल थाने और भिगान चौक के बीच में 17 से ज्यादा वाहन भिड़ गए। इसमें पंजाब रोडवेज की बस और टैंकर की टक्कर में पंजाब रोजवेज के ड्राइवर श्रवण सिंह की मौत हो गई।
मुरथल थाने के पास तीन इनोवा कार, तीन कैंटर, दो बस और नौ कारें आपस में टकरा गईं। इसके बाद नेशनल हाईवे पर जाम लग गया।
मुरथल थाना इंचार्ज रणबीर सिंह ने बताया कि नेशनल हाईवे पर हुए हादसों के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम को खुलकर यातायात को सुचारू कर दिया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे से बचने के लिए वाहनों की स्पीड पर नियंत्रण रखें।