फतेहाबाद के हुडा सेक्टर में क्षतिग्रस्त हालत में मिले मोटरसाइकिल की जांच करते हुए पुलिसकर्मी।
फतेहाबाद। हुडा सेक्टर में शुक्रवार शाम को निजी स्कूल के पीछे युवकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट आदि से हमला कर दिया। इस दौरान एक स्कूटी, मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गए। क्षतिग्रस्त वाहन आपस में भिड़े युवकों के बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक वाहन छोड़कर फरार हो गए हैं। हालांकि युवकों के बारे में अभी तक जानकारी नहीं लग पाई है, क्षतिग्रस्त वाहनों के नंबर से पुलिस तलाश में जुटी है।
हालांकि घटनास्थल से शहर थाना कुछ ही दूरी पर है लेकिन आसपास का क्षेत्र सुनसान है। मामले के मुताबिक बीघड़ रोड पर एक निजी स्कूल के पीछे बने हुडा सेक्टर में खाली पड़ी जगह पर शाम को कुछ युवक इकट्ठा हुए। बताया जा रहा है कि 30 से 35 युवक इकट्ठा हो गए और आपस में कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और वाहनों पर हमला कर दिया। एक-दूसरे ने ईंटों से हमला कर दिया। पुलिस के आने सूचना पर युवक वाहन छोडकऱ फरार हो गए। मौके पर पुलिस को एक स्कूटी और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में मिले हैं।
कॉलेज के कुछ युवक आपस में भिड़े हैं। मामले की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। मौके पर क्षतिग्रस्त वाहन मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है।
- प्रहलाद राय, शहर थाना प्रभारी