भट्टू कलां। गांव ठुईयां में हमले में घायल हुए युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। इस घटना में पुलिस ने आरोपी एक महिला सहित 8 के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में 28 वर्षीय मृतक कालू राम निवासी ठूइयां के पिता गंगाराम ने आरोप लगाया कि 9 दिसंबर रात्रि करीब 8 बजे उसका पुत्र अपने घर के आगे खड़ा था, तभी ओमप्रकाश नशे में आया और गाली गलौज शुरू कर दी। जब उसे ऐसा करने से मना किया तो वह दोबारा योगेश, राहुल, कृष्ण, देवेन्द्र उर्फ जोगा के साथ आया और उस पर हमला बोल दिया। बाद में उसे घसीटते हुए बलवान के घर ले गए, जहां उसके हाथ पैर बांध बलवान, सावित्री व अजय सहित उक्त लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। बाद में उसे घायल अवस्था में भट्टू कलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां कालू राम ने उपचार के दौरान वीरवार देर रात्रि दम तोड़ दिया। पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के साथ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।