हरियाणा पंजाब सीमा पर हो रही शराब तस्करी का एक ओर मामला सामने आया है। रेलवे सुरक्षा बल पुलिस (आरपीएफ) ने शराब तस्करी कर रहे एक युवक हिम्मतपुरा निवासी अमरजीत को गिरफ्तार किया। युवक ट्रेन के रास्ते हरियाणा से पंजाब में भारी मात्रा में देसी शराब की बोतलों को दो थैलों में भरकर ले जा रहा था। जाखल स्टेशन पर पुलिस ने जांच के दौरान युवक को शराब सहित काबू कर लिया। जानकारी अनुसार हरियाणा में पंजाब के मुकाबले शराब के दाम सस्ते हैं। ऐसे कई लोग हरियाणा से पंजाब में शराब सप्लाई का अवैध कारोबार कर रहे हैं। जाखल की रेलवे सुरक्षा बल पुलिस ने ऐसे ही दिल्ली से फिरोजपुर की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन में शराब सहित सवार एक युवक को धर दबोचा। बताया गया कि शाम करीब 7 बजे जाखल पहुंची पैसेंजर ट्रेन में पुलिस जांच कर रही थी कि एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैठा था। उसके पास सीट के नीचे दो प्लास्टिक के थैले रखे हुए थे। पुलिस ने जब उसकी जांच की तो उसमें देसी शराब की 60 बोतलें भरी हुई पाई। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान हिम्मतपुरा निवासी अमरजीत सिंह के रूप में बताई। उसने बताया कि हरियाणा में सस्ती शराब है जिसे वह पंजाब में ले जाकर वहां महंगे दाम पर बेच रहा था। उसने बताया कि वह आठवीं कक्षा तक पढ़ा है व घर में अपने माता पिता का एकलौता बेटा है। पिता बीमार है। परिवार का सारा बोझ सिर पर है व काम न होने के कारण उसने यह कदम उठाया है। रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी अबदुल लतीफ ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई कर उसे जिला के आबकारी एवं कराधान अधिकारियों के समक्ष पेश किया जाएगा।