पुलिस हिरासत में ऑनलाइन सट्टे का आरोपी गगन। पुलिस प्रवक्ता
फतेहाबाद। शहर पुलिस ने हंस मार्केट स्थित एक दुकान पर छापा मार आईपीएल मैच पर सट्टा लगवाते हुए गगन कुमार निवासी शिव नगर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों खिलाफ भी मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उसके दो अन्य साथियों की पहचान सूरज ढाका निवासी ढाणी ईसर व जतिन गर्ग निवासी अग्रवाल कॉलोनी भट्टू रोड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी गगन को अदालत में पेश करके 5 दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान सूरज ढाका की हंस मार्केट में प्रथम मंजिल पर स्थित दुकान पर गगन कुमार नामक युवक सट्टा खिला रहा है। इस पर पुलिस टीम ने जब बताई गई जगह पर छापा मार तो गगन दुकान में चारपाई पर बैठकर लाइव मैच दिखाते हुए मोबाइल फोन पर लोगों से सट्टा लगवा रहा था।
पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन, एलईडी टीवी और सट्टा गतिविधियों से जुड़ा अन्य सामान बरामद किया है। पूछताछ में गगन कुमार ने बताया कि वह अपने साथी सूरज ढाका और जतिन गर्ग के साथ मिलकर ऑनलाइन एप से आम नागरिकों को धोखे में रखकर अधिक मुनाफे का लालच देकर उनसे रुपये ऐंठते हैं। किसी न किसी बहाने से उन्हें नुकसान का झांसा देकर रुपये नहीं लौटाते।