कार्यक्रम में मौजूद एसडीएम सुरेंद्र सिंह और अन्य। स्रोत : प्रवक्ता
रतिया। उपमंडल स्तर पर लघु सचिवालय स्थित सभागार में सोमवार को राजस्व विभाग की ओर से पेपर रहित रजिस्ट्री प्रणाली, निशानदेही, व्हाट्सएप चैटबोट और राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली के तहत कार्यक्रम का सीधा प्रसारण का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र से राजस्व विभाग की पेपर रहित रजिस्ट्री और निशानदेही कार्यक्रम का लाइव शुभारंभ किया। इस अवसर पर रतिया उपमंडलाधीश सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि राजस्व विभाग की चार नई पहलों व प्रदेश सरकार ने लोगों की सहूलियत के लिए पेपरलेस रजिस्ट्रेशन की शुरुआत की है। इसके तहत आम लोगों को बार-बार राजस्व कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे बल्कि ऑनलाइन ही घर बैठे जमीन और घर की रजिस्ट्री के लिए आवेदन कर सकते हैं।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा विशेष अभियान के तहत हरियाणा सरकार की ओर से लोगों की सुविधाओं के लिए लगातार योजनाएं लागू की जा रही हैं। एसडीएम ने कार्यक्रम में उपस्थित पटवारियों और नंबरदारों को संबोधित करते हुए कहा कि धान के अवशेषों को जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें और सभी गावों में मुनादी करवाना सुनिश्चित करवाए।
इस अवसर पर डीएसपी नरसिंह, नायब तहसीलदार अशोक कुमार, शहरी मंडल अध्यक्ष अंकित सिंगला, तहसील कल्याण अधिकारी कंवल सिंह, सचिव सरदार बगीचा सिंह आदि मौजूद रहे।