कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके और घरों में आइसोलेट संक्रमितों को मानसिक तनाव से निकालने के लिए अब आनलाइन योगासन करवाया जाएगा। फेफड़ों को मजबूत करने और मानसिक तनाव कम करने के लिए योग क्रियाएं करवाई जाएंगी।
हरियाणा योग आयोग ने चार योग विशेषज्ञ की टीम तैयार की है जो कि आनलाइन योगासन करवाएंगे। विशेषज्ञ जूम एप और सोशल मीडिया के जरिए संक्रमितों को जोड़ेंगी और योगासन करवाएंगे। होम आइसोलेट संक्रमितों का आंकड़ा टीम ने जुटा लिया है। करीब ढाई हजार संक्रमित होम आइसोलेट हैं।
संक्रमितों को करवाया जाएगा प्राणायाम
योगा विशेषज्ञ अंबिका पांटा का कहना है कि योग के जरिये कोरोना संक्रमितों का मानसिक तनाव कम किया जा सकता है। इसके अलावा योग आसन करने से फेफड़ों को भी मजबूती मिलती है। संक्रमितों को टीम के द्वारा प्राणायाम, कपालभाति, आलोम-विलोम आदि आसन करवाए जाएंगे जो कि फेफड़ों को मजबूत बनाएंगे। इसके अलावा ओम का उच्चारण करवाया जाएगा जो कि मानसिक तनाव को कम करेगा। इससे संक्रमित खुद को स्वस्थ महसूस करेगा।
कोट
हरियाणा योग आयोग की तरफ से होम आइसोलेट संक्रमितों को आनलाइन योगासन करवाया जाएगा। इसके अलावा जो अस्पताल में दाखिल हैं उन्हें भी योगासन करवाया जाएगा। होम आइसोलेट के हमारे पास मोबाइल नंबर आ चुके है, अगर कोई योग करने का इच्छुक है तो उसे एप का लिंक भेजकर योग करवाया जाएगा। ऐसी क्रियाएं करवाई जाएंगी जिससे फेफड़ों को मजबूती मिले और मानसिक तनाव भी कम हो सके।
- अंबिका पांटा, योगा विशेषज्ञ एवं जिला नोडल अधिकारी, हरियाणा योग आयोग।