फतेहाबाद। मांगों को लेकर धरने पर बैठे नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने 16 दिसंबर से हड़ताल की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि हम पिछले पांच दिन से धरने पर बैठे हैं लेकिन कोई भी अधिकारी मिलने तक नहीं आया। पिछले साल जब नगर परिषद के सफाई कर्मचारी बेमियादी हड़ताल पर चले गए थे और शहर में 16 दिन तक सफाई नहीं हुई थी। उस वक्त शहर कचरे का ढेर नजर आने लगा था। अगर सरकार ने उस समय मानी गई मांगों को लेकर अपना रवैया ढीला नहीं किया तो हड़ताल का वो दौर लौटने वाला है।
मांगों को लेकर नगर परिषद के सफाई कर्मचारी हड़ताल का अल्टीमेटम काफी पहले दे चुके हैं। लेकिन पिछले साल की हड़ताल का अंजाम देखने के बावजूद अभी तक नगर परिषद प्रशासन ने इस हड़ताल को रोकने के लिए कोई प्रयास तक नहीं किया है। इतना ही नहीं, हड़ताली कर्मचारियों से बात करने की भी कोई कोशिश नहीं हुई है। नगर परिषद अध्यक्ष या किसी अन्य अधिकारी ने इस बारे में अभी तक कोई हड़ताल पर जाने वाले सफाईकर्मियों से कोई बातचीत तक नहीं की है। ऐसे में अगर सोमवार से सफाई कर्मचारी अगर हड़ताल पर जाते हैं तो किसकी जिम्मेदारी होगी।
ये हैं कर्मचारियों की मुख्य मांगें
1. ठेका प्रथा हटाया जाए
2. समान काम समान वेतन
3. रिस्क भत्ता (सीवरमैन व फायरमैन)
4. दमकल विभाग में भी ठेका प्रथा हटाने
5. सफाईकर्मियों की वर्दी, जूते और उपकरण की मांग
फतेहाबाद नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों की मौजूदा स्थिति
कुल कर्मचारी कुल कर्मचारी आवश्यक
169 350
कुल पक्के कर्मचारी कुल पद स्वीकृत
47 120
कुल कच्चे कर्मचारी कुल कच्चे आवश्यक
122 230
ये हैं नगर परिषद के पास संसाधन
कुल टाटा ऐस जरूरत है
13 25 (12 टाटा ऐस खरीदने का प्रस्ताव पारित है)
कुल हाथ रेहड़ियां जरूरत है
80 150
वर्जन
पिछले साल 16 दिन की हड़ताल के दौरान सरकार ने कुछ मांगें मान ली थी और जल्द लागू करने का भरोसा दिलाया था। लेकिन इतने माह बीतने के बावजूद न तो मांगे लागू की गई हैं और न ही कोई दोबारा बातचीत हुई है। अभी भी पांच दिन से धरने पर बैठे हैं, लेकिन किसी अधिकारी के पास इतना वक्त नहीं निकला कि कोई कर्मचारियों से मिलने ही आ जाए। आज मांगें ना मानी गई तो सोमवार से हड़ताल पर जाएंगे।
- रमेश तोषामड़, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, हरियाणा नगर परिषद सफाई कर्मचारी संघ ।
वर्जन
सरकार कर्मचारियों की मांगों पर विचार कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही कोई सकारात्मक जवाब मिलेगा। कर्मचारियों को हड़ताल से परहेज करना चाहिए। इससे शहर की सुंदरता पर असर पड़ता है और लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।’
दर्शन नागपाल, नगर परिषद अध्यक्ष, फतेहाबाद।