गांव खाई व कलोठा के बीच निर्माणधीन पुल पर ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मजदूर : संवाद
रतिया। घग्गर नदी पर गांव खाई और कलोठा के बीच निर्माणाधीन पुल पर मजदूरी विवाद के कारण शनिवार को निर्माण कार्य ठप हो गया। मजदूरों ने ठेकेदार पर मजदूरी न देने का आरोप लगाते हुए पुल पर नारेबाजी की और काम रोक दिया। मजदूरों की मांग है कि उनके 2 लाख रुपये बकाया मजदूरी का भुगतान तुरंत किया जाए।
लेबर ठेकेदार ईश्वर राम ने बताया कि उन्होंने पुल के तीन रैंप पर पत्थर बिछाने का काम ठेकेदार से लिया था। अनुबंध के अनुसार, प्रत्येक रैंप पर तीन-तीन लेयर पत्थर बिछाने का काम पूरा कर लिया गया था। ठेकेदार ने काम के लिए प्रति स्क्वायर फीट 6 रुपये रेट तय किया था। उन्होंने करीब 15 मजदूरों के अलावा रोलर और ट्रैक्टर का भी इस्तेमाल किया। इसके बावजूद, ठेकेदार ने मजदूरी भुगतान में देरी की।
मजदूरों का कहना है कि बार-बार संपर्क करने पर ठेकेदार कभी कम राशि देने की बात कहता है और कभी काम में कमी निकालने लगते हैं। शनिवार को लेबर ठेकेदार ईश्वर राम के नेतृत्व में मजदूरों ने पुल के रैंप पर तारकोल बिछाने का काम रोक दिया। मजदूरों गुरमीत सिंह, जगराज, सुभाष, नैना राम, महेंद्र, शालू और सुनीता ने कहा कि जब तक पूरी मजदूरी नहीं मिलती, पुल पर काम फिर से शुरू नहीं किया जाएगा।
ठेकेदार के मुनीम नवीन का कहना है कि मजदूरोंं को मजदूरी के करीब 60-70 हजार रुपये पहले दिए जा चुके हैं। जैसे ही विभाग की ओर से ठेकेदार को राशि जारी होगी मजदूरोंं की बकाया मजदूरी भी दे दी जाएगी। वहीं सिंचाई विभाग के एसडीओ राजेंद्र कुंडू का कहना है कि उक्त मामला उनके संज्ञान में नहीं आया। अभी पता कर उसका समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।