जाखल। धान सीजन शुरू होने से पहले किसानों और व्यापारियों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। जाखल मंडी को क्षेत्र के गांवों से जोड़ने के लिए रेलवे ने तलवाड़ा फाटक पर अस्थायी मार्ग का निर्माण शुरू कर दिया है।
रेलवे ओवरब्रिज व अंडरपास का कार्य चलने से तलवाड़ा व आसपास क्षेत्र के किसानों के लिए फिलहाल गुरुद्वारा बस्ती स्थित रेलवे अंडरपास ही प्रमुख वैकल्पिक रास्ता बचा है। ऐसे में धान की आवक बढ़ने पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, ट्रकों और अन्य बड़े वाहनों की संख्या बढ़ने से इस मार्ग पर दबाव बढ़ने की आशंका थी। इसी को देखते हुए किसान और व्यापारी लंबे समय से तलवाड़ा फाटक पर वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे।
व्यापारियों को भी मंडी में आवक बढ़ने की उम्मीद
व्यापारी किरण, सुरेश, विजय और अमरीक आदि ने कहा कि रेलवे के निर्माण कार्य के कारण मंडी का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। किसानों के लिए सीधा रास्ता बंद होने से धान सीजन को लेकर व्यापारी भी चिंतित थे। उन्होंने कहा कि अस्थाई मार्ग तैयार होने से मंडी में किसानों की आवक बढ़ेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। व्यापारियों ने रेलवे से धान की आवक शुरू होने से पहले अस्थाई मार्ग स्वाभाविक ही चालू किए जाने की मांग की है।
राहत की बनी उम्मीद
किसान संघर्ष समिति के प्रधान लाभ सिंह उदयपुर सहित नवजोत विक्की, बलकार, हरविंद्र, नसीब और अंग्रेज सिंह ने कहा कि धान सीजन में तलवाड़ा क्षेत्र के सैकड़ों किसान अपनी फसल जाखल मंडी में लेकर आते हैं। ऐसे में वैकल्पिक मार्ग नहीं होने पर उन्हें लंबा रास्ता तय करना पड़ता है और बड़े वाहनों को भी परेशानी होती है। रेलवे की ओर से अस्थायी मार्ग का काम शुरू किया है। इससे राहत की उम्मीद बनी है।