फतेहाबाद में महिला के दुकान पर लौटने के बाद उससे मिलती हुई महिलाएं।
फतेहाबाद। शहर के बीघड़ रोड पर रेडिमेड कपड़ों की दुकान संचालिका के लापता होने के मामले में बुधवार को नया मोड़ आया है। महिला करीब 10 दिन बाद अपनी दुकान पर लौटी। महिला समीक्षा सचदेवा के लौटने की सूचना के बाद काफी संख्या में महिलाएं व अन्य लोग मौके पर पहुंचे।
इस दौरान महिला ने कहा कि वह पारिवारिक कारणों से मानसिक तनाव में थी और इसी के चलते दो दिन के लिए बाहर गई थी, लेकिन इस दौरान कुछ लोगों ने साजिश रचकर अफवाह फैला दी। इस दौरान कुछ ऐसे झूठे लोग सामने आए हैं जिनसे कोई लेना-देना भी नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ वह कार्रवाई करेगी और जल्द ही नोटिस भिजवाएगी।
महिला ने मीडिया के सामने कहा कि अगर वह गलत होती तो लौटती नहीं और कहीं भी 25 से 30 हजार रुपये में नौकरी लग जाती। वह दो दिन पहले फतेहाबाद लौट चुकी है और लगातार लोगों से मिल रही है। महिला ने कहा कि कुछ लोगों ने उसके खिलाफ साजिश रची है। जब वह गई उससे पहले शनिवार को दुकान पर माल भी आया है और उसे सोमवार से बेचना था। महिला के अनुसार उसे कहीं भी नहीं जाना था। वह किन्हीं कारणों से ही बाहर गई थी। जब सोशल मीडिया पर वीडियो देखी तो उसी समय वीडियो जारी करके कहा था कि वह दो दिन में लौट आएगी और अब आ भी गई है।