फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में मरीज की शिविर में बिगड़ी तबीयतस्त्रोत सोशल मीडिया
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में बुधवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत शिविर लगाया गया। शिविर में जांच करवाने के लिए पहुंची महिला को चक्कर आ गया। मौके पर मौजूद कर्मचारी ने उपचार देने का प्रयास किया लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। जब उसे इमरजेंसी वार्ड में ले जाने लगे तो शिविर स्थल पर कर्मचारियों को व्हीलचेयर मिली न स्ट्रेचर। महिला की हालत खराब होते देख कर्मचारी उसे उठाकर इमरजेंसी वार्ड में ले गए।
शिविर में तैनात नर्सिंग ऑफिसर मंगलवार को दो घंटे की हड़ताल पर रहीं और बुधवार को गेट मीटिंग में शामिल हुई। इसके चलते भी जांच के लिए पहुंची गर्भवती को परेशानी उठानी पड़ी। शिविर हर माह 9, 10, 23 और आखिरी दिन से पहले लगाया जाता है। इस शिविर में जांच करके हाई रिस्क श्रेणी में शामिल गर्भवती चिन्हित की जाती है।
-
पर्ची कटवाने के लिए झेल रहे मरीज परेशानी
नागरिक अस्पताल में मरीजों ने पर्ची काटने में देरी को लेकर भी गुस्सा निकाला। ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पर्ची कटवाने के लिए खड़े मरीज जसबीर सिंह ने बताया कि सुबह 9 बजे लाइन में लगे थे लेकिन एक घंटे बाद नंबर आया है। ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर एक ही कर्मचारी तैनात है।