फतेहाबाद। पत्नी के आठ माह से दूसरे युवक के साथ रहने से परेशान एक व्यक्ति मंगलवार दोपहर अपने बच्चों को लेकर युवक के घर के बाहर धरने पर बैठ गया। मामला अशोक नगर का है। धरने की सूचना मिलने पर मोहल्ले के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए।
लोगों ने पीड़ित के पक्ष में आवाज उठाते हुए उसे न्याय दिलाने की मांग की। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को धरने से उठाया। पीड़ित का कहना है कि वह तंदूर लगाकर अपने परिवार का गुजारा करता है। उसकी दो बेटियां और एक बेटा है।
पीड़ित के अनुसार उसकी पत्नी पिछले आठ माह से अशोक नगर में ही दूसरे युवक के साथ रह रही है। ऐसे में वह बच्चों के साथ अकेला पड़ गया है और काफी परेशानियों का सामना कर रहा है।
सोमवार रात को भी किया था हंगामा
पीड़ित के अनुसार पत्नी के दूसरे युवक के साथ रहने को लेकर वह लंबे समय से परेशान है। सोमवार रात को भी उसने संबंधित युवक के घर के बाहर हंगामा किया था। इसके बाद मंगलवार दोपहर को वह अपने बच्चों के साथ धरने पर बैठ गया। मौके पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों ने उसकी समस्या का समाधान करवाने की मांग की।
-
पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि वह काफी परेशान है लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उसने पुलिस पर भी मामले में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची हुडा चौकी पुलिस की ओर से उसे धरने से उठाया गया। पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत आई है जांच की जा रही है।