रतिया। शहर में मामूली विवाद के कारण तीन घंटे तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। सुबह टोहाना रोड पर डेयरी के पास स्कूल बस से पालकी के टकराने पर कांवड़ के खंडित होने पर जमकर हंगामा हुआ। भीड़ ने स्कूल बस पर खूब पत्थर बरसाए। पथराव होने से स्कूल बस में बैठे विद्यार्थी सहम गए।
रतिया शहर में मंगलवार की सुबह स्कूल बस से शिव पालकी के टकराने पर विवाद हो गया। तनावपूर्ण माहौल को देखकर चालक-परिचालक ने स्कूल बस में सवार 37 विद्यार्थियों और शिक्षकों को दूसरी बस में बैठाकर रवाना कर दिया। इसी दौरान मौके पर स्कूल के अन्य बस चालक और परिचालक भी आ गए और दोनों पक्षों में बहस गई। तनाव बढ़ता देखकर शहर थाना प्रभारी रणजीत सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा कर विवाद को खत्म कराया।
कांवड़ियों के रवाना होते ही स्कूल बस चालकों और परिचालकों में रोष फैल गया। बस चालकों ने पहले टोहाना रोड पर सुबह 9.30 बजे जाम लगाया। फिर फतेहाबाद रोड नहर पर सुबह 9.55 बजे जाम लगा दिया। बस चालकों-परिचालकों ने बस में तोड़फोड़ करने वालों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस प्रशासन पर भी आरोप लगाने शुरू कर दिए। पुलिस की मौजूदगी में ही बस में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी होने पर पुलिस के मूकदर्शक बने रहने से चालकों-परिचालकों में रोष रहा। करीब सुबह 9 बजे से लेकर 1200 बजे तक हंगामा होता रहा।
भीड़ के खिलाफ केस दर्ज होने पर ही खोला जाम
हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर फतेहाबाद रोड पर बड़ी नहर पर जाम लगाने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। जाम की सूचना पाकर डीएसपी संजय बिश्नोई व थाना अध्यक्ष रणजीत सिंह मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने भीड़ के खिलाफ केस दर्ज किया तो उसके बाद ही बस चालकों ने जाम खोला। पुलिस ने इस मामले में चालक स्वर्ण सिंह की शिकायत पर 40-50 आरोपियों के अलावा उनको भड़काने वाले विकास व संजू के खिलाफ तोड़फोड़ व विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
यह बोले कांवड़िये
कावड़ लेकर जा रहे भक्तों ने बताया कि वह हरिद्वार से कांवड़ लेकर कालांवाली की तरफ जा रहे थे। जब वे रतिया में प्रवेश कर रहे थे तो पीछे से आ रही स्कूल बस का चालक बार-बार हॉर्न बजा रहा था। उन्होंने हाथ का इशारा करके बताया कि आगे गंदगी है। इससे आगे निकलने के बाद वह साइड दे देंगे। बस चालक ने फिर उसकी पालकी में साइड मार दी, जिसके बाद उनकी कांवड़ खंडित हो गई। इसके विरोधस्वरूप ही कांवड़ियों ने बस को रुकवा लिया। बस में सवार बच्चे घबरा कर बाहर निकल आए। इसके बाद कांवड़ियों ने वहां पड़े ईंट-पत्थर उठाकर बस पर मारने शुरू कर दिए। इससे हंगामे की स्थिति बन गई। कालांवाली के कांवड़ियों सागर, अरुण व विजय ने शहर थाना प्रभारी को शिकायत देकर बस चालक के खिलाफ उनकी कांवड़ खंडित करने तथा उनकी आस्था को ठेस पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज करने की मांग की है।
यह बोला बस चालक
निजी स्कूल की बस के चालक स्वर्ण सिंह ने बताया कि वह लहरिया आदि गांवों से बच्चों को लेकर रतिया स्थित अकाल अकादमी की तरफ आ रहा था। टोहाना रोड पर बस पर हमला हो गया। वह बच्चों को लेकर आ रहा था कि अचानक उसे कांवड़ियों के दल ने रोक लिया। उन्होंने कहा कि बस से कांवड़ को साइड मार दी, जबकि उसे ऐसी किसी घटना का पता नहीं चला। चालक ने आरोप लगाया कि वहां पहुंचे विकास व संजू नामक युवक ने भीड़ को भड़का दिया।
कोट
अकाल अकादमी स्कूल की बस कांवड़ से टच हो गई थी। पुलिस ने चालक की शिकायत पर विकास व संजू को नामजद करते हुए 40-50 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आगामी जांच की जा रही है।
-संजय बिश्नोई, डीएसपी, रतिया